हर फल का है अपना फायदा, जानें किससे मिलेगा कितना पोषण

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2020 - 10:12 AM (IST)

फल खाने में स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। डॉक्टर्स भी सेहतमंद रहने के लिए रोजाना फल खाने की सलाह देते हैं। इनमें प्रोटीन, विटामिन, एंटिऑक्सीडेंट, फाइबर जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो अच्छे स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। मगर आपको फल खाने के फायदे व उसका सही समय पता होना बहुत जरूरी है। तो चलिए जानते हैं फल खाने के फायदे व सही समय।

 

क्यों जरूरी है समय पर फल खाना?

फल हमारे शरीर को फ्रक्टोज देते है, जो आसानी से फैट में परिवर्तित हो जाते हैं। यही कारण है कि शाम को 6 बजे के बाद फल खाने से पांचन तंत्र प्रभावित होने लगता है। सुबह के समय खाली पेट फल खाने का फायदा होता है। आप चाहते तो इन फलों को ब्रेकफास्ट में भी ले सकते हैं। 

फल खाने का सही समय और फायदे

चेरी

चेरी में पैटोथेनिक एसिड, कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन, मैग्नीशियम, विटामिन सी और बी6  काफी मात्रा में पाया जाता है, जिससे नर्वस सिस्टम सही रहता है। आप ब्रेकफास्ट या शाम के स्नैक्स में इसका सेवन कर सकते हैं।

 

अंगूर

अंगूर में पर्याप्त मात्रा में कैलोरी, फाइबर और विटामिन सी व ई पाए जाते हैं, जो सेहतमंद रहने के लिए बहुत जरूरी है। खट्टे-मीठे अंगूर का सेवन रक्त कोशिकाओं को सही रखता है। साथ ही यह शरीर में पानी के संतुलन को ठीक रखने का काम करते हैं लेकिन इनको खाली पेट खाने से लाभ मिलता है।

आड़ू

आड़ू में पोटैशियम, आयरन, फ्लोराइड, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, मिनरल्स और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को सही रखते हैं। अगर आप इसे नाश्ते में खाते हैं तो लंच टाइम तक आपको और कुछ खाने की जरूरत नहीं होती, जिससे वजन कंट्रोल करने में मदद मिलेगी।

 

तरबूज

तरबूज का सेवन हार्ट रेट को कंट्रोल करने में मदद करता है, जिससे आप हार्ट अटैक जैसी समस्याओं से बचे रहते हैं। इसके अलावा तरबूज कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन सी, ए और बी का सबसे अच्छा स्त्रोत है। आप इसे सुबह या दोपहर के समय फ्रूट सैलेड के रूप में खा सकते हैं।

 

संतरा

सेहत के साथ-साथ संतरे का सेवन स्किन के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें कॉप्लेक्स, फ्लेवोनॉयड, अमिनो एसिड, विटामिन सी, ए और बी जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि ये फायदें इसे सही समय पर ही खाने से ही मिलते हैं इसलिए संतरे को कभी भी एकदम सुबह और रात के समय ना खाएं। दोपहर के समय संतरा खाना सबसे अच्छा होता है।

 

सेब

बीमारियों से बचने के लिए डॉक्टर्स रोजाना 1 सेब खाने की सलाह देते हैं। सुबह 1 सेब खाने से ना सिर्फ हड्डियां मजबूत होती है बल्कि आप दिल व कैंसर जैसी बीमारियों से भी बचे रहते हैं। इसके अलावा इसका सेवन त्वचा के लिए फायदेमंद होता है।

कीवी

100 ग्राम कीवी में 61 कैलोरी, 14.66 ग्राम कार्बोहाइड्रेट्स, 1 ग्राम प्रोटीन, 3 ग्राम फाइबर, 25 माइक्रोग्राम फोलिक एसिड अन्य आदि तत्व मौजूद होते हैं, जो दिल को स्वस्थ रखने के साथ हड्डियों को भी मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा इसका सेवन त्वचा को भी स्वस्थ रखता है। आप इसका सेवन किसी भी समय कर सकते हैं।

 

केला

खाली पेट या रात को सोने से पहले केला कभी नहीं खाना चाहिए।  इसके हमेशा दोपहर के लंच के बाद खाने से ही फायदा  मिलता है। केले में पाए जाने वाले पौष्टिक तत्व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित होता है। वजन घटाने की कोशि‍श करने वालों को हर रोज एक केला खाने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा यह डायबिटीज को कंट्रोल करने और पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मददगार होता है।

 

आम

आम को कभी खाया जा सकता है लेकिन भोजन से 1 घंटा पहले या बाद में इसका सेवन करें तो बेहतर होगा। आम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कोलोन कैंसर, ल्यूकेमिया और प्रोस्टेट कैंसर से बचाव करते हैं। इसके अलावा इसका सेवन आंखों व दिल के लिए भी फायदेमंद होता है।

पाइनएप्पल

एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर, विटामिन ए, सी, थायमिन, कैल्शियम, पोटेशियम, फास्फोरस और मैंगनीज के गुणों से भरपूर पाइनएप्पल का सेवन भी आपको सेहतमंद रखने में मदद करता है। यह पाचन क्रिया व इम्यून सिस्टम को बढ़ाने के साथ हाइ ब्लड प्रैशर को भी कंट्रोल करता है। साथ ही सुबह नाश्ते में इसका सेवन वजन घटाने में भी मददगार है।

 

ब्लूबेरी

ब्लूबेरी जितना स्वादिष्ट फल है उतना ही यह दिल के लिए फायदेमंद है। एंटी-ऑक्‍सीडेंट से भरपूर ब्लूबेरी का सेवन हाइपरटेंशन, मधुमेह, ब्‍लड प्रेशर के साथ वजन भी कंट्रोल करता है। इसके अलावा इसका सेवन या फेस मास्क लगाने से झाइयों और झुर्रियों की समस्या भी दूर रहती है। इसे खाने का सबसे बेहतरीन समय सुबह व शाम को होता है।

 

स्ट्रॉबेरी

स्ट्रॉबेरी में मौजूद विटामिन सी और एंटी-ऑक्सीडेंट बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने के साथ-साथ बीमारियों को भी दूर भगाते हैं। स्‍ट्रॉबेरी में आयरन, कैल्शियम, मैग्‍नीशियम, सोडियम, विटामिन ए, सी, डी, ई और के जैसे तत्व होते हैं, जिससे आप गठिया, कैंसर और दिल संबंधी रोगों से बचे रहते हैं। इसका सेवन आप सुबह ब्रेकफास्ट या शाम को स्नैक्स के रूप में कर सकते हैं।

Content Writer

Anjali Rajput