डीयू की प्रोफेसर शैली ओबेरॉय बनी दिल्ली की मेयर,  10 साल बाद महिला के हाथ में आई कमान

punjabkesari.in Thursday, Feb 23, 2023 - 10:48 AM (IST)

देश की राजधानी दिल्ली को आखिरकार नई मेयर मिल गई है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के करीब ढाई महीने बाद महापौर चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की शैली ओबेरॉय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रेखा गुप्ता को हरा दिया। एकीकृत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पहली महापौर बनने वाली डीयू की प्रोफेसर शैली ओबेरॉय अपनी अकादमिक पहचान के लिए अधिक जानी जाती हैं। 


 पिछले साल दिसंबर में एमसीडी चुनाव के जरिए अपनी चुनावी पारी शुरू करने वाली ओबेरॉय (39) ने दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता के गढ़ कहे जाने वाले पूर्वी पटेल नगर वार्ड से जीत हासिल कर नयी पहचान कायम की और अब दिल्ली को एक दशक से भी कम समय में पहली महिला महापौर मिल गई। इससे पहले रजनी अब्बी 2011 में एमसीडी के तीन भागों में विभाजित होने से पहले शीर्ष पद पर निर्वाचित होने वाली अंतिम महिला थीं। 


निर्वाचित होने के बाद ओबेरॉय ने कहा- “मैं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दिल्ली के लोगों को धन्यवाद देती हूं। अगले तीन दिन में हम यहां लैंडफिल साइट का निरीक्षण करेंगे।'' उन्होंने कहा- ‘‘सभी पार्षद आज से काम करेंगे। 10-गारंटी कार्यक्रम पर हमारा ध्यान रहेगा। मैं न्यायपालिका का भी शुक्रिया अदा करना चाहती हूं।'' 

ओबेरॉय आम आदमी पार्टी के साथ-साथ एकीकृत दिल्ली नगर निगम की भी पहली महापौर बनी हैं। एकीकृत दिल्ली नगर निगम की पहली महापौर बनने वालीं दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर ओबेरॉय अपनी अकादमिक पहचान के लिए भी जानी जाती हैं। ओबेरॉय विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार भी जीत चुकी हैं और उन्होंने ICA सम्मेलन में स्वर्ण पदक  (प्रोफेसर मनुभाई शाह पुरस्कार) भी जीता था। इतना ही नहीं उन्हें  "मिस कमला रानी पुरस्कार" से भी सम्मानित किया जा चुका है। 
 

Content Writer

vasudha