गर्मी में आम खाने से पहले कर लें ये काम, वरना हो सकती हैं दिक्कतें
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 05:23 PM (IST)
नारी डेस्क: गर्मी के सीजन में लोगों का सबसे ज्यादा मनपसंद फल है, फलों का राजा आम। आज कल आम बाज़ारों में छाया हुआ है। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई आम खाता है। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि बिना सोचे-समझे ज़्यादा आम खाना सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। इसलिए आम खाने के फायदे के साथ-साथ कुछ जरूरी सावधानियां जानना भी बेहद जरूरी है। आगे देखिए ध्यान रखने वाली बातें...
गर्मियों में आम क्यों फायदेमंद है?
गर्मियों में मिलने वाले फल शरीर के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। आम में पानी की मात्रा अच्छी होती है, जिससे शरीर हाइड्रेट रहता है और पानी की कमी नहीं होती। इसके अलावा आम में विटामिन और पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करते हैं। इसलिए सीमित मात्रा में आम खाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है।

ज़्यादा आम खाने से क्या हो सकता है नुकसान?
कोई भी चीज अगर ज्यादा मात्रा में खाई जाए तो वो सेहत के लिए नुकसानदायक हो जाती है। हर चीज़ की तरह आम भी तभी फायदेमंद है, जब इसे संतुलित मात्रा में खाया जाए। अगर आम ज्यादा खा लिया जाए, तो यह शरीर की गर्मी बढ़ा सकता है। इससे चेहरे पर पिंपल्स या स्किन पर रैशेज़ हो सकते हैं। इतना ही नहीं, ज्यादा आम खाने से पाचन पर भी असर पड़ सकता है, जिससे दस्त या पेट खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

बच्चों को आम खिलाते समय रखें खास ध्यान
बच्चों को आम बहुत पसंद होता है और वे अक्सर ज्यादा खा लेते हैं। ऐसे में माता-पिता को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। कई बच्चे आम को छिलके के साथ ही खा लेते हैं, जो सही नहीं है। आम के छिलके में ऐसे तत्व हो सकते हैं, जो त्वचा पर खुजली या एलर्जी पैदा कर सकते हैं। इसलिए आम को अच्छे से धोकर, छिलका हटाकर और छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर ही बच्चों को देना चाहिए। इसे खाने से पहले पानी में भिगोना चाहिए और फिर ही बच्चों को खिलाना चाहिए।

