Chhath Puja: छठ पर्व के आसान उपाय, मिलेगा शुभफल और सूर्य दोष होगा दूर

punjabkesari.in Saturday, Nov 06, 2021 - 02:27 PM (IST)

दिवाली के कुछ दिनों बाद छठ पूजा का पर्व पड़ता है। इसे बिहार और झारखंड आदि जगहों पर बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल यह शुभ तिथि 8 नवंबर 2021, दिन सोमवार को पड़ रही है। इसमें महिलाएं अपनी संतान की लंबी उम्र व अच्छी सेहत के लिए 36 घंटे निर्जला व्रत रखती हैं। छठ पूजा में भगवान सूर्य की पूजा की जाती है। यह व्रत व पूजा पूरे 3 दिनों तक चलती है। ज्योतिषशास्त्र अनुसार इस अवसर पर भगवान की पूजा करने के साथ कुछ खास उपाय करने से सूर्यदोष से मुक्ति व शुभफल की प्राप्ति होती है। चलिए जानते हैं इन उपायों के बारे में...

पहला उपाय

छठ पूजा के खास दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लें। फिर घर की पूर्व दिशा की ओर मुख करके कुश के आसन पर बैठ जाएं। अपने ठीक सामने चौकी पर सफेद कपड़ा बिछाकर ऊपर सूर्यदेव का चित्र बनाएं। आप बाजार से उनकी प्रतिमा या चित्र लाकर भी लगा सकती है। फिर भगवान सूर्य की पंचोपचार पूजा करके उन्हें गुड़ का भोग लगाएं। सूर्य देव को लाल रंग अतिप्रिय है इसलिए पूजा में लाल फूलों का प्रयोग करें। इसके बाद लाल चंदन की माला से 'ऊं भास्कराय नम:' का करीब 5 माला जप करें।

दूसरा उपाय

छठ पर्व पर सूर्य देव की कृपा पाने के लिए सुबह जल्दी से नहाकर साफ कपड़े पहनें। अब सूर्य देव को अर्घ्य दें। उसके बाद गुड़ और कच्चे चावल लेकर उसे चलते हुए जल में बहा दें। इसके साथ ही पके हुए चावल में गुड़ और दूध मिलाकर खाएं। इस उपाय से आप पर भगवान सूर्य देव की कृपा बनी रहेगी।

तीसरा उपाय

छठ पूजा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान सूर्य देव को अर्घ्य दें। इसके लिए घर की पूर्व दिशा की ओर मुख करके कुश के आसन पर बैठ जाएं। फिर रुद्राक्ष की माला लेकर 'ऊं आदित्याय विदमहे दिवाकराय धीमहि तन्नो सूर्य: प्रचोदयात्' मंत्र की 5 माला जप करें। इससे आपके जीवन की समस्त समस्याएं दूर होगी।

चौथा उपाय

छठ पूजा पर्व तांबे का सिक्का या चौकोर टुकड़ा लेकर उसे बहते जल में प्रवाहित कर दें। मान्यता है कि इस उपाय से कुंडली में सूर्यदोष कम होने में मदद मिलती है।

पांचवा उपाय

लाल कपड़े में गेहूं के कुछ दानें और गुड़ को बांधकर दान करें। धार्मिक मान्यताओं अनुसार इससे मनचाहा फल मिलता है।

Content Writer

neetu