फ्रिज में भूलकर भी न रखें ये चीजें

punjabkesari.in Saturday, Jun 03, 2017 - 11:20 AM (IST)

पंजाब केसरी (इंटीरियर) : फ्रिज हमारी जिदंगी का अहम हिस्सा है। खाने-पीने की कई चीजों को फ्रिज में संभाल कर रखा जा सकता है। गर्मी के दिनों में तो फ्रिज जन्नत के समान लगने लगता है क्योंकि इसमें पानी को ठंडा करने के लिए रख सकते हैं लेकिन खाने-पीने की सभी चीजें फ्रिज में सुरक्षित नहीं है। जिस तरह प्याज को फ्रिज में रखने से दूसरी चीजों से बदबू आने लगती है उसी तरह और भी कई चीजें हैं जिन्हें फ्रिज में रखने से वे खराब हो जाती है। आइए जानिए ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में
 
1. कॉफी
कई लोग कॉफी के कंटेनर को फ्रिज में रख देते हैं ताकि वह खराब न हो लेकिन फ्रिज में रखने से कॉफी की कुदरती सुगंध चली जाती है और इसका स्वाद भी खराब हो जाता है।

2. तेल
वनस्पति तेल को कभी भी फ्रिज में न रखें। इससे तेल गाढ़ा हो जाता है और खाना पकाने में मुश्किल होती है। इसके अलावा नारियल और जैतून के तेल को फ्रिज में रखने से वह जम जाता है।

3. प्याज
प्याज को फ्रिज में रखने से खाने की दूसरी चीजों से गंध आने लगती है और प्याज भी गल जाते हैं।

4. आलू
इसमें काफी मात्रा में स्टार्च होता है जो फ्रिज में रखने से शुगर के रूप में टूटने लगता है। आलू को फ्रिज में रखने से उसका स्वाद मीठा हो जाता है और आकार में भी खराब हो जाते हैं।

5. टमाटर
ज्यादातर लोग टमाटर को फ्रिज में ही रखते हैं जिससे वे अधिक देर तक स्टोर किए जा सकें लेकिन फ्रिज में रखने से इनके अंदर बर्फ के कण जम जाते हैं और टमाटर पूरी तरह से पक नहीं पाते। ऐसे में हमेशा ताजा टमाटर ही खरीदें और फ्रिज में न रखें।

6. शहद
शहद को फ्रिज में रखने से उसमें चीनी के कण जमा हो जाते हैं और शहद सख्त हो जाता है जिससे इसे इस्तेमाल करना मुश्किल होता है। शहद में ऐसे गुण होते हैं जिससे वह कई सालों तक भी खराब नहीं होता और इसे फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं पड़ती।

7. ब्रेड
ब्रेड जब बासी हो जाती है तो वह टूटने लगती है जिस वजह से लोग उसे फ्रिज में रख देते हैं लेकिन ऐसा करने से ब्रेड सख्त हो जाती है और आसानी से चूरा होकर खराब हो जाती है। इसके लिए ब्रेड को कभी भी फ्रिज में न रखें।

Punjab Kesari