Makar Sankranti: इस शुभ दिन पर बरतें सावधानी, गलती से भी ना करें ये 10 काम

punjabkesari.in Tuesday, Jan 12, 2021 - 11:31 AM (IST)

जब सूर्य एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं तो उस शुभ दिन को संक्रांति कहा जाता है। ऐसे में ही जब सूर्य मकर राशि में गोचर करते हैं तो वह मकर संक्रांति कहलाती है। हर साल यह पावन त्योहार लोहड़ी के अगले दिन यानी 14 जनवरी को मनाया जाता है। माना जाता है कि इस शुभ दिन पर खरमास खत्म होता है। साथ ही सूर्य देव अपने पुत्र न्याय के देवता शनि महाराज को मिलने आते हैं।  ऐसे में इस दिन से शुभ कामों को करने की शुरूआत होती है। यह दिन सूर्य देवता का होने से उनकी विशेष रूप से पूजा होने के साथ खिचड़ी, तिल से तैयार चीजों का भोग लगाने के साथ उसे खाने का मजा लेते हैं। मगर इस शुभ दिन पर भगवान की कृपा पाने के लिए कुछ कामों को करने से बचना चाहिए।  तो चलिए जानते हैं उन कामों के बारे में...

महिलाएं यह काम करने से बचें

इस दिन महिलाओं का बाल धोना व मंजन करना अशुभ माना जाता है। ऐसे में इसे करने से बचें।

नहाने से पहले ना करें यह काम

इस शुभ दिन पर नहाने से पहले कुछ भी ना खाएं। अक्सर बहुत से लोग सुबह नहाने से पहले चाय, कॉफी पी लेते हैं। मगर मकर संक्रांति के दिन सबसे पहले नहाकर पूजा करें। उसके बाद ही किसी चीज का सेवन करें। मान्यता है कि इस शुभ अवसर पर गंगा नदी या किसी भी नदी में स्नान करके फिर दान देना चाहिए। साथ ही सूर्य देव को तिल, मूंगफली, गजक चढ़ाएं। उसके बाद ही भोजन खाएं। मगर जो लोग ऐसा नहीं कर सकते हैं वे घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर नहाएं।

इन चीजों को खाने की गलती ना करें

मकर संक्रांति के दिन अग्नि देव और माता दुर्गा की पूजा होती है। ऐसे में खासतौर पर अंडा, मांस, लहसुन व प्याज वाला भोजन करने से बचना चाहिए।

नशा न करें

नॉन वेज ना खाने के साथ इस दिन शराब, सिगरेट , गुटका आदि चीजों को खाने से भी परहेज रखना चाहिए। इसके अलावा अधिक मसालेदान भोजन करने से भी बचना चाहिए। इसी लिए मकर संक्रांति के दिन लोग खासतौर पर काली दाल, मूंग या चने की दाल की खिचड़ी का सेवन करते हैं। साथ ही इसका दान करने से भी विशेष लाभ मिलता है।

अपनी वाणी पर रखें कंट्रोल

वैसे तो हर किसी को हमेशा सभी के साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए। मगर त्योहारों के दिन खासतौर पर अपनी वाणी पर नियंत्रण रखने के साथ सभी से अच्छा बर्ताव करना चाहिए। मान्यता है कि इससे देवी-देवताओं की कृपा बनी रहती है। 

घर से किसी को खाली हाथ ना जाने दें

इस शुभ दिन पर अगर घर पर कोई साधू, भिखारी, बुजुर्ग या बच्चे बधाई मांगने आए तो उन्हें खाली हाथ ना भेजें। आप अपने सामर्थ्य के अनुसार, उन्हें कपड़े, अन्न व दक्षिणा जरूर दें। इससे घर-परिवार पर भगवान की असीम कृपा होने के साथ आर्थिक स्थिति मजबूत होने में मदद मिलती है। 

पेड़ों की कटाई ना करें

मकर संक्रांति के दिन घर के बाहर या कहीं भी पेड़ों की कटाई करने से बचना चाहिए। 

गाय-भैंस न दुहें

इस दिन गाय-भैंस का दूध भी नहीं दुहना चाहिए। इसके अलावा गाय को गुड़ खिलाना शुभ माना जाता है। 

फसल न काटे

यह त्योहार फसलों से जुड़ा है। ऐसे में इस दिन फसलों की कटाई करने की भूल ना करें।

शाम के समय न करें यह काम

मकर संक्रांति के पावन दिन पर सूर्य देव की विशेष रूप से पूजा होती है। ऐसे में इस दिन सूरज ढलने के बाद भोजन खाने से बचना चाहिए। 

अगर आपको हमारा आर्टिकल अच्छा लगा तो वास्तु से जुड़ी और जानकारी पाने के लिए नारी पेज से जुड़े रहिए। 
 

Content Writer

neetu