दुनिया के इन देशों में भी भारत जैसे मनाया जाता है दिवाली का त्योहार

punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2020 - 02:53 PM (IST)

हिंदूओं का पावन त्योहार दिवाली इस साल 14 नवंबर को मनाया जाएगा। इन दिन सभी भारतीय देवी लक्ष्मी की पूजा कर उनके अपने मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। इसके साथ ही रंगोली, तोरण, फूलों, दीयों से घर को सजाते हैं। इस तरह हर जगह रोशनी से जगमगाने से बेहद ही सुंदर दिखता है। मगर दिवाली एक ऐसा त्योहार है, जिसे सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। तो चलिए आज हम आपको दुनिया के कुछ ऐसे देशों के बारे में बताते हैं, जहां दिवाली का त्योहार भारत की तरह बड़े हर्षोउल्लास से मनाया जाता है। 

नेपाल

नेपाल देश भारत से बेहद करीब हैं। यहां पर करीब 80 प्रतिशत हिंदू धर्म के लोग रहते हैं। नेपाल में दीपमाला का त्योहार तिहार नाम से जाना जाता है। इसे पूरे 5 दिनों तक बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। नेपाल की खासियत है कि यहां दीवाली पर कुत्ते को पूजा जाता है। माना जाता है कि, इससे सुख, वैभव, मान व‌‌ सम्मान की प्राप्ति होती है। अगर आप नेपाल जा रहे है तो इसकी राजधानी काठमांडू जरूर जाएं। साथ ही वहां के विभिन्न व शानदार मंदिरों के दर्शन जरूर करें।

मॉरीशस

विदेश होने के बावजूद भी मॉरीशस में यह पावन पर्व ठीक भारत की तरह मनाया जाता है। यहां पहुंचकर किसी को भी भारत की कमी नहीं लगेगी। बात अगर यहां बसे लोगों की करें तो मॉरीशस में करीब 63 प्रतिशत लोग भारतीय है। साथ ही उनमें से भी करीब 80 प्रतिशत लोग हिंदू धर्म से संबंध रखते हैं। ऐसे में यहां पर भी भारत की तरह जोरों-शोरों से दीवाली मनाई जाती है। ऐसे में अगर आप यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मॉरीशस में बने समुद्र तटों को देखने का मजा लें सकते हैं।

इंडोनेशिया

इंडोनेशिया में भी भारतीयों की तरह दीवाली मनाई जाती है। यहां पर बसे बाली द्वीप पर सबसे ज्यादा भारतीय लोग रहते हैं। ऐसे में रोशनी से सजा बाली बहुत ही सुन्दर दिखाई देता है। साथ ही यहां के समुद्री तट के किनारे घूमने का एक अलग ही नजारा मिलता है।

सिंगापुर

सिंगापुर में भी दीवाली भारत की तरह हर्षोल्लास से मनाई जाती है। यहां पर भारी मात्रा में हिंदू धर्म के लोग बसे हुए हैं। ऐसे में यहां हर साल दीवाली पर राष्ट्रीय छुट्टी होती है। लोग अपने घरों को लाइटों से सजाते हैं। साथ ही हिंदू धर्म की तरह पूरे रीति-रिवाजों के साथ पूजा करते हैं। इसके साथ ही आप यहां और भी कई जगहों पर घूम सकते हैं।

मलेशिया

इस देश में भले अधिक संख्या में भारतीय नागरिक नहीं है। मगर फिर भी ये लोग दीवाली के इस त्योहार को बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। इसके अलावा आप यहां पर बने बहुत ही सुन्दर गार्डन पर घूमने का प्लान बना सकते हैं। 


 

Content Writer

neetu