कोरोना वायरस को लेकर ट्वीट कर फंसी दिव्यांका

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2020 - 12:02 PM (IST)

कोरोना वायरस के डर से सभी मॉल, स्कूल और थिएटर्स बंद हो गए हैं। यही कारण है कि अब सड़कें भी सुनसान नजर आ रही हैं। जिसे देखकर टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने एक ट्वीट किया। जिसके बाद वह आलोचनाओं में घिर गई। दिव्यांका ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दिखाया कि किस तरह से कोरोनावायरस के चलते मुंबई की सड़कों पर ट्रैफिक कम है।



साथ ही उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुंबई में इतने कम ट्रैफिक को देखकर लगता है कि यह मेट्रो, पुलों और सड़कों को जल्दी पूरा करने का एक मौका है। हालांकि उन्हें ऐसा करना भारी पड़ गया, जिसके लिए उन्हें सोशल मीडिया यूजर्स से माफी भी मांगनी पड़ी। एक यूजर ने दिव्यांका को ट्रोल करते हुए लिखा, वे मजदूर भी इंसान ही हैं। यह एक आपातकाल है और सभी की सुरक्षा जरूरी है। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, जैसे कि इंजीनियर्स और मजदूरों की जिंदगी की कोई अहमियत ही नहीं है। ऐसी एक स्थिति में यह कितना अजीब ट्वीट है। इतना ही नहीं, एक यूजर ने तो दिव्यांका की पोस्ट को 'असंवेदनशील' कहते हुए, इसे डिलीट करने तक को कहा।



हालांकि इसके बाद दिव्यांका त्रिपाठी को अपनी गलती का अहसास हो गया और उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक वह वायरल हो चुका था। इस ट्वीट के बाद दिव्यांका ने एक और ट्वीट कर लिखा- हम सब इंसान हैं और गलतियां करते रहते हैं। सोशल मीडिया की हिंसक दुनिया में सबसे अहम सवाल यह है कि अगर कोई अपनी गलती पर मानकर उसे सुधारने के लिए माफी मांग रहा है तो क्या आप उसे माफ करने और आगे बढ़ने लायक हैं। क्या हर चीज खबर और तर्क के लिए ही होनी चाहिए? उसमें मानवता कहां हैं‌।

आपको बता दें कि कोरोना वायरस को लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी खौफ छाया हुआ है। कई सितारों ने अपनी फिल्मों की शूटिंग रोक दी है, तो वहीं कुछ सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं।  

 

Content Writer

Anjali Rajput