दिवाली से पहले दिव्यांका त्रिपाठी की बिल्डिंग में लगी आग, गार्ड की मौ/त से टूटा एक्ट्रेस का दिल
punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 03:36 PM (IST)
नारी डेस्क : टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी दहिया और उनके पति विवेक दहिया ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दुखद खबर साझा की है। एक्ट्रेस ने बताया कि दिवाली से ठीक एक रात पहले उनकी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में कपल और उनका परिवार तो समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन उन्होंने अपने बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड धनपत अंकल को खो दिया। इस घटना ने दिव्यांका और विवेक को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर लंबा भावुक पोस्ट लिखकर अपना दर्द बयां किया।
दिव्यांका और विवेक ने साझा किया भावुक पोस्ट
दिव्यांका त्रिपाठी ने इंस्टाग्राम पर आग की घटना और सिक्योरिटी गार्ड धनपत की तस्वीर साझा करते हुए बताया कि दिवाली से ठीक एक रात पहले उनकी बिल्डिंग में आग लग गई थी। उस शाम उन्हें कहीं बाहर जाना था, लेकिन किसी वजह से उनका निकलना टलता रहा। दिव्यांका ने बताया कि शायद इसी वजह से हादसे के समय वह घर पर मौजूद थीं और खतरे को समय रहते भांपकर अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाईं। शुरुआत में उन्हें लगा कि इस हादसे में सिर्फ घर के कुछ सामान का नुकसान हुआ है, लेकिन बाद में जब उन्हें धनपत अंकल के निधन की खबर मिली तो वह और विवेक सदमे में आ गए।
बच्चों को आशीर्वाद देने वालों में शामिल थे धनपत अंकल
अपने पोस्ट में दिव्यांका ने धनपत अंकल को याद करते हुए लिखा कि जब वह पहली बार अपने दोनों बच्चों को घर लेकर आई थीं, तब उन्हें प्यार और आशीर्वाद देने वालों में बिल्डिंग के गार्ड धनपत अंकल भी शामिल थे। उन्हें उम्मीद थी कि आने वाले सालों में धनपत अंकल उनके बच्चों को बड़ा होते देखेंगे, उनके साथ खेलेंगे और परिवार की खूबसूरत यादों का हिस्सा बनेंगे। लेकिन इस हादसे ने उनके इन सभी सपनों को तोड़ दिया। दिव्यांका ने लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ये सारी बातें सिर्फ सपने बनकर रह जाएंगी।
यें भी पढ़ें : बड़े ब्रेस्ट वाली महिलाओं में आम हैं ये 4 परेशानियां, जानें कारण
बिल्डिंग की रोशनी लौट आई, लेकिन जिंदगी पहले जैसी नहीं रही
दिव्यांका ने आगे बताया कि दिवाली के दौरान धीरे-धीरे बिल्डिंग की बिजली बहाल हुई। अगले दिन सुरक्षा जांच के बाद गैस सप्लाई और लिफ्ट भी शुरू हो गईं, लेकिन इसके बावजूद पूरी विंग में सन्नाटा पसरा रहा। इसकी वजह सिर्फ बिल्डिंग को हुआ नुकसान नहीं, बल्कि एक अनमोल जिंदगी का चले जाना था।
एक्ट्रेस ने भावुक होते हुए लिखा कि आग ने उनके घर की दिवाली की रोशनी तो कम कर दी, लेकिन धनपत अंकल को खोने का दर्द उनके दिल में ऐसा अंधेरा छोड़ गया, जिसे कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती।

जब बच्चे बड़े होंगे, तो उन्हें आपके बारे में जरूर बताएंगे
दिव्यांका ने धनपत अंकल को याद करते हुए कहा कि वह उनके लिए सिर्फ बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड नहीं थे, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा थे। उन्होंने लिखा कि जब उनके दोनों बेटे बड़े होंगे, तो वह उन्हें धनपत अंकल के बारे में जरूर बताएंगी। साथ ही उन्हें यह भी याद दिलाएंगी कि कैसे उन्होंने घर आने पर बच्चों को अपना आशीर्वाद दिया था। आखिर में एक्ट्रेस ने जिंदगी से जुड़ी एक भावुक सीख भी साझा की कि किसी भी इंसान की मौजूदगी को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि हमें नहीं पता कि कौन-सा पल किसी के साथ आखिरी मुलाकात बन जाए।
यें भी पढ़ें : ट्रीटमेंट के बाद भी दोबारा क्यों लौट आता है कैंसर, बड़ी वजह जान लें
शादी के 10 साल बाद माता-पिता बने हैं दिव्यांका-विवेक
बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में से एक हैं। शादी के करीब 10 साल बाद कपल जुड़वा बेटों के माता-पिता बने। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने बच्चों के नाम भी फैंस के साथ साझा किए थे। उन्होंने अपने बेटों का नाम दैविक और वैदिक रखा है। इस दुखद घटना के बाद फैंस सोशल मीडिया पर कपल के प्रति संवेदनाएं जाहिर कर रहे हैं।

