Dhanteras 2025: शनिवार को धनतेरस, भूलकर भी न खरीदें ये 5 चीजें वरना शनि देव जाएंगे क्रोधित
punjabkesari.in Wednesday, Oct 15, 2025 - 05:49 PM (IST)
नारी डेस्क: इस साल धनतेरस 18 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को मनाई जाएगी। यह दिन धन, समृद्धि और सौभाग्य की देवी महालक्ष्मी की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन नई वस्तुएं खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है। लेकिन इस बार चूंकि धनतेरस शनिवार को पड़ रही है, इसलिए कुछ वस्तुएं ऐसी हैं जिन्हें इस दिन खरीदना शनि देव को अप्रसन्न कर सकता है। आइए जानते हैं कि शनिवार के दिन धनतेरस पर किन चीजों की खरीदारी से बचना चाहिए।
सरसों का तेल न खरीदें
धनतेरस के दिन जब शनिवार का संयोग बनता है, तब सरसों का तेल खरीदना अशुभ माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सरसों का तेल शनि ग्रह से जुड़ा होता है, और इस दिन इसे खरीदने से शनि की स्थिति कुंडली में प्रतिकूल हो सकती है। हालांकि, सरसों के तेल का दान इस दिन शुभ माना गया है। आप जरूरतमंदों या मंदिर में सरसों का तेल दान कर सकते हैं, जिससे शनि देव की कृपा बनी रहती है।

लोहे की वस्तुएं खरीदने से बचें
धनतेरस के दिन लोहे से बनी चीजों की खरीदारी भी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि लोहा शनि ग्रह की धातु मानी जाती है। शनिवार को लोहा खरीदने से जीवन में बाधाएं और आर्थिक नुकसान का खतरा रहता है। अगर आपको किसी जरूरी काम के लिए लोहे की वस्तु लेनी ही है, तो आप उस दिन बुकिंग कर सकते हैं लेकिन सामान घर अगले दिन लेकर आएं। ऐसा करने से नकारात्मक प्रभाव से बचा जा सकता है।
काले रंग की चीजों से करें परहेज
शनिवार को काला रंग शनि का प्रतीक माना जाता है। इस वजह से इस दिन काले रंग के कपड़े, जूते या अन्य चीजें खरीदना अशुभ माना गया है। कहा जाता है कि शनिवार के दिन काले रंग की वस्तुएं खरीदने से शनि देव नाराज़ हो जाते हैं, जिससे जीवन में तनाव, रुकावटें और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए धनतेरस पर अन्य रंगों की चीजें ही खरीदें।
खाली बर्तन घर न लाएं
धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना शुभ माना गया है, लेकिन ध्यान रखें कि खाली बर्तन घर नहीं लाना चाहिए। ऐसा करना दरिद्रता (गरीबी) का प्रतीक माना जाता है। परंपरा के अनुसार, जब भी बर्तन घर लाएं तो उनमें मिठाई, सिक्के, या धनिया के दाने जरूर रखें। इससे मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और घर में सुख-समृद्धि आती है।

चमड़े का सामान न खरीदें
चमड़े से जुड़ी वस्तुएं जैसे बेल्ट, पर्स या जूते भी शनि ग्रह से संबंधित मानी जाती हैं। शनिवार को ऐसी चीजों की खरीदारी करने से शनि दोष बढ़ सकता है और ग्रहों का असर प्रतिकूल हो सकता है। धनतेरस जैसे शुभ दिन पर चमड़े की चीजें खरीदने से बचें। इसके स्थान पर आप सोना, चांदी, बर्तन या इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं खरीद सकते हैं, जो शुभ और समृद्धि का प्रतीक हैं।
शुभ कार्यों से बनाएं दिन मंगलमय
धनतेरस के दिन दीपदान, लक्ष्मी-गणेश की पूजा, और जरूरतमंदों की सेवा करना अत्यंत शुभ माना गया है। अगर आप इस दिन शनि देव को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो काले तिल, तेल और कपड़े का दान कर सकते हैं। इससे शनि दोष कम होता है और घर में शांति व समृद्धि बनी रहती है।

