लाल किले में एंट्री बैन, बसें पर रोक, बेघर हुए लोग... यमुना के पानी में डूब रही है दिल्ली

punjabkesari.in Friday, Jul 14, 2023 - 09:33 AM (IST)

 दिल्ली के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए लालकिला बंद कर दिया गया और यह 14 जुलाई को भी बंद रहेगा। सोमवार को खतरे के निशान को पार करने के बाद, उफनती यमुना का पानी राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर आ गया जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए। यमुना का पानी लालकिले की दीवारों तक भी पहुंच गया, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल है। 


कई इलाकों में लोगों को कमर तक और कुछ स्थानों पर गर्दन तक पानी में यात्रा करते देखा गया। राजघाट और पुराना किला क्षेत्र में भी अत्यधिक जलभराव की सूचना मिली है। एएसआई ने एक आदेश में कहा, ‘‘प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल और अवशेष नियम, 1959 के नियम 5 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, महानिदेशक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, एतद् द्वारा निर्देश देते हैं कि भारी बारिश के कारण लालकिला जनता और सामान्य आगंतुकों के लिए 13 जुलाई को दिन के उत्तरार्ध से 14 जुलाई, 2023 तक बंद रहेगा।'' 


यमुना से बाढ़ का पानी बाहर आ जाने पर सड़कों के बंद रहने से खासकर पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा तथा यात्री घंटों फंसे रहे। पुलिस परामर्श के अनुसार आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग पर तथ कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच के महात्मा गांधी मार्ग और बाहरी रिंग रोड पर वजीराबाद पुल एवं चंदगी राम अखाड़े के बीच यातायात बाधित है। यातायात पुलिस ने यात्रियों को इन मार्गों से बचने और अन्य मार्गों से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गयी। 


परामर्श में कहा गया है कि गैर-नियत व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें पूर्वी तथा पश्चिमी पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।  दिल्ली में यमुना से सटे निचले इलाकों को बाढ़ का जोखिम वाला क्षेत्र माना जाता है। यहां करीब 37000 लोग रहते हैं। भारी वर्षा के कारण प्रशासन ने लोगों से यमुना के बाढ़ के मैदान से सटे क्षेत्रों को खाली कर देने और निचले तटबंध क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। पुलिस के अनुसार मजनू के टीले से राजघाट तक रिंगरोड पर और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा का पानी जमा हो गया है , फलस्वरूप रिंगरोड पर यातायात प्रभावित हो गया। 

हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड से आने वाली अंतर-राज्यीय बसें आईएसबीटी कश्मीरी गेट आने के बजाय सिंघू बोर्डर पर ही रूकेगी।  यात्रियों को प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट के मद्देनजर निचले क्षेत्रों की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गयी है। यात्रा अपरिहार्य होने की स्थिति में लोगों से पुलिस ने परामर्श का पालन करने को कहा है। केंद्रीय जल आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर स्थिर हो गया और बृहस्पतिवार रात से घटने लगेगा। शहर के जो दृश्य सामने आये हैं उनमें जगह-जगह यातायात जाम नजर आता है।

 पुलिस के अनुसार बाहरी रिंग रोड (रोहिणी से आईएसबीटी तक) यातायात प्रभावित हुआ है तथा जीटीके रोड और जीटीके रोड से आईएसबीटी (सोनीपत की ओर)की ओर ही जाने की अनुमति है। दूसरी तरफ से यातायात रोक दिया गया है और उसका मार्ग बदल दिया गया है। मुकरबा चौक फ्लाइओर के नीचे जीटीके रोड से आजादपुर के लिए यातायात रोहिणी की ओर मोड़ दिया गया है। 
 

Content Writer

vasudha