भारत की बेटी दीपिका कुमारी ने रचा इतिहास, विश्व कप में 3 गोल्ड मेडल जीत बनीं दुनिया की नंबर 1 तीरंदाज

punjabkesari.in Monday, Jun 28, 2021 - 03:44 PM (IST)

भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने एक बार फिर से भारत का नाम उंचा किया। विश्व कप के तीसरे चरण में तीन बार गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की तीरंदाज दीपिका कुमारी सोमवार को विश्व रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर काबिज हो गईं। 

जानकारी के लिए बतां दें कि पेरिस में चल रहे आर्चरी के वर्ल्ड कप स्टेज 3 टूर्नामेंट में भारत ने रविवार को 3 गोल्ड मेडल जीते। इसी के साथ  टूर्नामेंट में देश के नाम अब तक 4 स्वर्ण पदक हो गए हैं। दीपिका कुमारी ने एक दिन में देश को 3 गोल्ड दिलाए। पहले उन्होंने पति अतनु दास के साथ मिलकर मिक्स्ड इवेंट में गोल्ड पर निशाना साधा। यह पति-पत्नी की जोड़ी ओलिंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। दोनों से मेडल की भी बहुत उम्मीद है।

इसके बाद दीपिका के नेतृत्व में ही भारतीय महिला रिकर्व टीम ने गोल्ड जीता। टीम इवेंट में भारत ने मेक्सिको को 5-1 के साथ आसान शिकस्त दी। भारतीय टीम में दीपिका के अलावा अंकिता भगत और कोमोलिका बारी शामिल रहीं।

इन तीन स्पर्धाओं में जीते गोल्ड मेडल- 
बतां दें कि रांची की रहने वाली  27 वर्षीय खिलाड़ी दीपिका ने पहली बार 2012 में नंबर एक रैंकिंग हासिल की थी। उन्होंने रविवार को रिकर्व की तीन स्पर्धाओं – महिलाओं की व्यक्तिगत, टीम और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीते थे।

फाइनल में दीपिका ने पति के साथ हासिल की जीत-
विश्वकप में दीपिका ने पहले अंकिता भगत और कोमोलिका बारी के साथ मिलकर रिकर्व टीम स्पर्धा में मैक्सिको को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में दीपिका और उनके पति अतनु दास की पांचवीं वरीय जोड़ी ने नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर से 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 5-3 से जीत हासिल की।

 एक दिन में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की
दीपिका ने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से हराकर एक दिन में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की। दीपिका विश्व कप में अब तक कुल 9 स्वर्ण, 12 रजत और 7 कांस्य पदक जीत चुकी हैं।

Content Writer

Anu Malhotra