घरेलू हिंसा मामला: दूसरी बार भी पेश नहीं हुए हनी सिंह, कोर्ट ने लगाई फटकार

punjabkesari.in Saturday, Aug 28, 2021 - 02:03 PM (IST)

मशहूर रैपर और सिंगर हनी सिंह इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सु्र्खियों में बने हुए हैं। सिंगर पर उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। जिसके बाद यह मामला कोर्ट में पहुंच गया। वहीं आज इस मामले को लेकर हनी सिंह को तीस हजारी कोर्ट में पेश होना था। हालांकि दूसरी बार भी हनी सिंह कोर्ट में पेश नहीं हुए जिसके चलते कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई है।

दूसरी बार भी हनी सिंह के कोर्ट में पेश न होने के बाद मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तान्या सिंह ने कहा, 'कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। मैं यह देखकर हैरान हूं कि इस मामले को इतने हल्के में कैसे लिया जा रहा है।' वहीं हनी सिंह के वकील से कोर्ट ने कहा, 'हनी सिंह कोर्ट में पेश नहीं हुए हैं और न ही आपने उनकी आय का हलफनामा दाखिल भी नहीं किया है। जो दलीलों के साथ तैयार भी नहीं है।' सिंगर को फटकार लगाते हुए मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने उन्हें अदालत में पेश होने का आखिरी मौका दिया है।

अब कोर्ट की अगली सुनवाई 3 सितंबर को होगी। अदालत ने हनी सिंह को 3 सितंबर को साढ़े 12 बजे पेश होने के लिए कहा है। आपको बता दें हनी सिंह ने अदालत से चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए इस मामले में पेश होने को लेकर छूठ की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया था। जबकि उनकी पत्नी शालिनी कोर्ट में पेश हो रही हैं।

गौरतलब है कि सिंगर की पत्नी ने उनके खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवाया है। हनी सिंह के अलावा शालिनी ने सास, ससुर और ननद पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। इसके साथ ही शालिनी ने घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा अधिनियम के तहत 10 करोड़ रुपए का मुआवजा मांगा। जिसके बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर अपना स्टेमेंट जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी शालिनी द्वारा लगाए सभी आरोप पूरी तरह से झठ हैं।

Content Writer

Bhawna sharma