नहीं रही पहली अंग्रेजी न्यूज एंकर  गीतांजलि अय्यर, 30 साल तक सुनाई देश-दुनिया की खबरें

punjabkesari.in Thursday, Jun 08, 2023 - 11:53 AM (IST)

दूरदर्शन पर अंग्रेजी में समाचार प्रस्तुत करने वाली भारत की पहली महिला प्रस्तोता गीतांजलि अय्यर अब इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने 7 जून को आखिरी सांस ली। उन्होंने 30 वर्षों से ज्यादा समय तक दूरदर्शन में काम किया था, इस दौरान उन्हें लोगों से भरपूर प्यार मिला। 


गीतांजलि अय्यर के परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि पुरस्कार विजेता प्रस्तोता पार्किंसंस रोग से पीड़ित थीं और वह टहलने के बाद घर लौटते समय बेहोश हो गई थीं। अय्यर के परिवार में उनका एक पुत्र और पुत्री पल्लवी अय्यर हैं, जो एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं।  अय्यर को उनके उत्कृष्ट कार्य, उपलब्धियों और योगदान के लिए 1989 में उत्कृष्ट महिलाओं के लिए इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी पुरस्कार भी मिला था। 


 1971 में पहली बार दूरदर्शन के लिए अंग्रेजी का न्यूज बुलेटिन पढ़ने वाली अय्यर ही थी। वह बहुत धीर-गंभीर भाव से खबरें पढ़ती थीं। उन्होंने ही प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनसे पहले संजय गांधी के निधन के समाचार देश-दुनिया को दिए थे। दूरदर्शन में एंकरिंग के अलावा अय्यर ने  कॉर्पोरेट संचार, सरकारी संपर्क और मार्केटिंग में भी काम किया था। 


केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी गीतांजलि अय्यर के निधन पर शोक-संवेदना जताते हुए लिखा-''दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो पर सबसे पहली और बेहतरीन अंग्रेजी समाचार एंकरों में से एक गीतांजलि अय्यर के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। एक मार्गदर्शक और अग्रणी, उन्होंने पत्रकारिता और प्रसारण उद्योगों में एक अमिट छाप छोड़ते हुए हर न्यूज रिपोर्ट में विश्वसनीयता, व्यावसायिकता और एक अलग आवाज लाई. इस कठिन समय में मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं. ओम शांति.''। 
 

Content Writer

vasudha