Oily Skin पर ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी, बढ़ जाते हैं Pimples
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 02:59 PM (IST)
नारी डेस्क: गर्मियों और उमस भरे मौसम में ऑयली स्किन की समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है। चेहरा जल्दी चिपचिपा हो जाता है और पोर्स बंद होने की वजह से पिंपल्स निकलने लगते हैं। ऐसे में कई लोग सोशल मीडिया या घरेलू नुस्खों के चक्कर में कुछ ऐसी चीजें चेहरे पर लगा लेते हैं, जो स्किन को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान कर देती हैं। अगर आपकी स्किन भी ऑयली है, तो आपको यह समझना जरूरी है कि हर “घरेलू उपाय” हर स्किन टाइप के लिए सही नहीं होता। थोड़ी सी लापरवाही भी मुंहासों की बड़ी वजह बन सकती है।
ऑयली स्किन आखिर होती क्यों है
ऑयली स्किन की सबसे बड़ी वजह होती है स्किन में सीबम (तेल) का ज्यादा बनना। हमारी त्वचा में मौजूद सिबेशियस ग्लैंड्स प्राकृतिक तेल बनाते हैं, जो स्किन को नमी देने का काम करता है। लेकिन जब यह तेल जरूरत से ज्यादा बनने लगता है, तो चेहरा चिपचिपा दिखने लगता है। कई बार हार्मोनल बदलाव, गलत खानपान, तनाव या स्किन की सही देखभाल न करने की वजह से भी तेल का उत्पादन बढ़ सकता है। इसी वजह से पोर्स जल्दी बंद हो जाते हैं और पिंपल्स की समस्या शुरू हो जाती है।
भारी ऑयल-बेस्ड क्रीम से करें दूरी
ऑयली स्किन वालों को बहुत ज्यादा भारी या थिक क्रीम इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। शिया बटर या कोको बटर जैसी क्रीम्स स्किन पर मोटी परत बना देती हैं। इससे त्वचा को सांस लेने में दिक्कत होती है और पोर्स बंद हो सकते हैं। नतीजा चेहरे पर पिंपल्स और ब्लैकहेड्स बढ़ने लगते हैं। इसलिए हल्की, जेल-बेस्ड मॉइस्चराइज़र बेहतर विकल्प माना जाता है।
नारियल तेल और दूसरे ऑयल सीधे चेहरे पर लगाना
कई लोग मानते हैं कि तेल लगाने से स्किन को नमी मिलती है, लेकिन ऑयली स्किन के लिए यह हमेशा सही नहीं होता। खासकर नारियल तेल या अन्य भारी तेल सीधे चेहरे पर लगाने से पोर्स ब्लॉक हो सकते हैं। जब पोर्स बंद हो जाते हैं, तो अंदर गंदगी और तेल जमा होने लगता है, जिससे पिंपल्स निकल आते हैं। इसलिए बिना एक्सपर्ट सलाह के चेहरे पर तेल लगाने से बचना चाहिए।
ये भी पढ़ें: सेहत का खजाना है ये सब्जी, डायबिटीज से लेकर दिल की सेहत के लिए भी मानी जाती है फायदेमंद
पेट्रोलियम जेली का ज्यादा इस्तेमाल भी नुकसानदायक
पेट्रोलियम जेली को अक्सर स्किन की नमी लॉक करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन ऑयली स्किन पर यह भारी पड़ सकती है। यह स्किन पर एक मोटी परत बना देती है, जिससे ऑयल और गंदगी अंदर ही फंस सकते हैं। इससे स्किन और ज्यादा चिपचिपी महसूस होती है और एक्ने की समस्या बढ़ सकती है।

हार्श या हार्ड स्क्रब से बचें
मार्केट में मिलने वाले कई हार्ड स्क्रब यह दावा करते हैं कि वे स्किन से अतिरिक्त तेल हटा देंगे। लेकिन सच यह है कि ये स्क्रब स्किन की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इनके इस्तेमाल से कुछ समय के लिए ऑयल कम लग सकता है, लेकिन बाद में स्किन में जलन, रेडनेस और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बार-बार हार्ड स्क्रब का इस्तेमाल करने से स्किन सेंसिटिव भी हो सकती है।
ऑयली स्किन की सही देखभाल कैसे करें?
ऑयली स्किन के लिए सबसे जरूरी है हल्की और नियमित स्किन केयर रूटीन अपनाना। दिन में दो बार माइल्ड फेसवॉश से चेहरा साफ करना, हल्का मॉइस्चराइज़र लगाना और धूप में निकलते समय सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना काफी मददगार होता है। साथ ही, ज्यादा तला-भुना खाना और जंक फूड कम करने से भी स्किन पर फर्क दिखाई देता है।

