किचन में इन चीजों की सफाई जरूरी, भूलकर भी ना करें इग्नोर

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2020 - 04:39 PM (IST)

घर की सबसे अहम जगह यानि किचन की साफ-सफाई बेहद जरूरी होती है। बर्तनों की सफाई तो रोज होती है, लेकिन किचन की बाकी चीजों की सफाई महिलाएं तब ही करती हैं जब उन्हें फुर्सत मिलती है। हालांकि, कुछ चीजों की रोजाना सफाई जरूरी है। ऐसा ना करने से उनमें बैक्टीरिया की पैदा हो सकते है। सफाई में कमी से टायफाइड, डायरिया, इंफेक्शन आदि का खतरा बढ़ जाता है। तो आइए आज आपको बताएंगे कुछ महत्वपूर्ण चीजों के बारे में जिनकी सफाई रोजाना होनी चाहिए। 

साफ रखें सिंक का एरिया

सिंक में बर्तन से निकलने वाली जूठन और चिकनाई से बैक्टीरिया पनपने का डर रहता है। इसकी सफाई के लिए सर्फ, विनेगर या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। सिंक के ऊपरी हिस्से के साथ-साथ नीचे के हिस्से को भी साफ करें। गर्म पानी को  सिंक में डालने से सिंक की पाइप में जमा गंदगी निकल जाएगी। 

किचन स्लैबस की सफाई

चाय बनाने से लेकर स्नैक्स बनाने और सब्जियां काटने तक हर काम किचन स्लैब पर ही होता है। जिस वजह से यह हिस्सा किचन में सबसे ज्यादा गंदा होता है। अगर स्लैब पर कटी हुई सब्जी, आटे आदि के अंश रह जाएं तो वे स्लैब पर बैक्टीरिया ग्रोथ बढ़ा सकते हैं। बेकिंग सोडा और सिरके के मिश्रण से स्लैब को साफ करने से यह पूरी तरह से कीटाणुमुक्त रहेगा। 

गैस स्टोव की सफाई

गैस पर खाने बनाने के दौरान उसपर चिकनाई और बैक्टीरिया के कण चिपकते जाते हैं। इसीलिए गैस को नीम की पत्ती, सिरके और बेकिंग सोडा के मिश्रण से साफ कर सकती हैं। लेकिन सफाई करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि चूल्हा गर्म ना हो।

किचन की तौलिया रखें साफ

किचन में रखा तौलिया कितने ही छोटे-छोटे कामों में मददगार साबित होता है। लेकिन बार-बार इस्तेमाल होने की वजह से तौलिए में बैक्टीरिया बढ़ने की आशंका होती है। इसीलिए तौलियो को रोजाना वॉशिंग पाउडर से धोने और धूप में सुखाना चाहिए।

ओवन और माइक्रोवेव की सफाई

महिलाएं अक्सर बच्चों के लिए कुकीज और केक बनाने के लिए ओवन या माइक्रोवेव का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन बेकिंग के दौरान इनमें भी खाने के कण गिरते हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा वाले पानी से माइक्रोवेव की सफाई कर सकती हैं। चाहें तो आप नींबू वाले पानी का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए पानी थोड़ा गर्म कर लें और फिर उसमें नींबू की कुछ बूंदे डाल दें।

Content Writer

Bhawna sharma