CID प्रोड्यूसर BP Singh का 77 साल की उम्र में निधन, हार्ट अटैक से गई जान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 04:53 PM (IST)

नारी डेस्क : टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर क्राइम शो ‘CID’ और हॉरर सीरियल ‘आहट’ के निर्माता-निर्देशक बी.पी. सिंह का 77 साल की उम्र में निधन हो गया है। मंगलवार, 27 अक्टूबर की सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उनके निधन की जानकारी दी और उन्हें अपना करीबी दोस्त बताया। बी.पी. सिंह के जाने से भारतीय टेलीविजन ने एक ऐसे निर्माता को खो दिया है, जिन्होंने क्राइम और सस्पेंस शोज को घर-घर में लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई। 

अशोक पंडित ने दी निधन की जानकारी

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर बी.पी. सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन की खबर साझा की। उन्होंने बताया कि बी.पी. सिंह को मंगलवार सुबह गंभीर हार्ट अटैक आया था। अशोक पंडित उन्हें मुंबई के सांताक्रूज स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनका निधन हो चुका था। अशोक पंडित ने अपने संदेश में बी.पी. सिंह को शानदार फिल्ममेकर और करीबी दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि ‘CID’ और ‘आहट’ जैसे शोज के जरिए बी.पी. सिंह ने देशभर के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके काम को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। 

PunjabKesari

28 अक्टूबर को होगा अंतिम संस्कार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बी.पी. सिंह का अंतिम संस्कार बुधवार, 28 अक्टूबर को किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी अन्य जानकारियां बाद में साझा किए जाने की बात कही गई है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद प्रशंसक और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

यें भी पढ़ें : देसी नुस्खा! मल के साथ बाहर निकल जाएगा Bad Cholesterol, दही में मिलाकर खा लें ये चीज़

‘CID’ और ‘आहट’ से बनाई खास पहचान

बी.पी. सिंह का नाम भारतीय टेलीविजन के लोकप्रिय क्राइम और थ्रिलर शोज के साथ हमेशा जुड़ा रहेगा। उन्होंने ‘CID’ के जरिए दर्शकों को अपराध की गुत्थियां सुलझाने वाली एक ऐसी दुनिया से रूबरू कराया, जिसने लंबे समय तक टीवी पर अपनी लोकप्रियता बनाए रखी। ‘CID’ में एसीपी प्रद्युमन, इंस्पेक्टर दया और इंस्पेक्टर अभिजीत जैसे किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुए। शो के सस्पेंस, जांच के तरीकों और यादगार संवादों ने इसे टीवी के चर्चित सीरियल्स में शामिल किया। इसके अलावा, बी.पी. सिंह ने ‘आहट’ के जरिए हॉरर और सस्पेंस की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई। इस शो ने दर्शकों को डर और रोमांच से भरपूर कहानियां दीं। उनके दोनों शोज ने भारतीय टेलीविजन पर क्राइम और हॉरर कंटेंट को लोकप्रिय बनाने में अहम योगदान दिया। 

PunjabKesari

FTII से भी रहा खास जुड़ाव

बी.पी. सिंह ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से निर्देशन की पढ़ाई की थी। वह FTII के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। फिल्म और टेलीविजन के तकनीकी पहलुओं पर उनकी मजबूत पकड़ और कहानी कहने की शैली ने उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई। 

यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं

निजी जिंदगी में भी झेले कई दुख

बी.पी. सिंह की निजी जिंदगी में भी कई दुखद घटनाएं हुई थीं। साल 2017 में उनके बेटे सलिल सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। सलिल भी टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़े थे और ‘CID’ जैसे शोज के लिए काम कर चुके थे। इसके अलावा, उनके करीबी बिजनेस पार्टनर और फायरवर्क्स प्रोडक्शंस के सह-संस्थापक प्रदीप उप्पोर के निधन की खबर भी सामने आई थी। इन घटनाओं का जिक्र करते हुए मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि बी.पी. सिंह ने निजी जीवन में गहरे दुखों का सामना किया। अब उनके निधन से परिवार, दोस्तों और टीवी इंडस्ट्री में उन्हें चाहने वालों के बीच शोक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static