6 महीने के लंबे इंतजार के बाद पृथ्वी पर लौटे चीन के तीन यात्री, 182 दिन बिताए अंतरिक्ष में

punjabkesari.in Saturday, Apr 16, 2022 - 11:39 AM (IST)

चीन के तीन अंतरिक्ष यात्री देश के नए अंतरिक्ष स्टेशन पर रिकॉर्ड छह महीने बिताने के बाद शनिवार को सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए।शेनझोउ-13 कैप्सूल तीन अंतरिक्ष यात्रियों झाई झिगांग, वांग यापिंग और ये गुआंगफू को लेकर उत्तरी चीन के आंतरिक मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के गोबी रेगिस्तान में डोंगफेंग लैंडिंग स्थल पर स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजकर 56 मिनट पर सफलतापूर्वक उतरा।

PunjabKesari

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिंहुआ की रिपोर्ट के अनुसार चिकित्सकीय दल ने पुष्टि की है कि चालक दल के सदस्यों का स्वास्थ्य दुरुस्त है। इसी के साथ शेनझोउ-13 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान मिशन पूरी तरह से सफल हो गया। रिपोर्ट में यह बताया गया कि अंतरिक्ष यात्रियों ने तियानगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर छह महीने का समय बिताया। इस मिशन के यात्रियों ने शेनझोउ-12 के 92 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के अलावा, इस मिशन ने देश के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन इतिहास में कई और रिकॉर्ड भी बनाए हैं।

PunjabKesari
शेनझोउ अंतरिक्ष यान को बनाने वाली ‘चाइना अकेडमी ऑफ स्पेसक्राफ्ट टेक्नोलॉजी’ (सीएएसटी) ने एक बयान में कहा कि शेनझोउ-13 मिशन ने पहली बार आपातकालीन मिशन तंत्र की खोज की। शेनझोउ-13 और लॉन्ग मार्च-2एफ वाई13 के प्रक्षेपण के ठीक बाद अब शेनझोउ-14 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान और लॉन्ग मार्च-2एफ वाई14 रॉकेट को प्रक्षेपण के लिए तैयार रखा गया था, ताकि अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर लौटने से रोकने वाली कोई भी खराबी होने पर शेनझोउ-13 के अंतरिक्ष यात्रियों के लिए बचाव कार्य किया जा सके।

PunjabKesari
शेनझोउ-12 मिशन की वापसी में लगभग 28 घंटे लगे थे, लेकिन शेनझोउ-13 ने केवल आठ घंटे में पृथ्वी पर वापसी की। शेनझोउ-13 के यात्रियों ने पिछले साल अक्टूबर में अपना मिशन शुरू किया और छह महीने अंतरिक्ष में बिताए। अंतरिक्ष यात्री दल ने कैमरों को लगाने, परीक्षण करने के लिए दो स्पेसवॉक (अंतरिक्ष यात्री द्वारा अंतरिक्ष यान के बाहर अंतरिक्ष में की गई शारीरिक गतिविधि) किए। बीते साल नवंबर में वांग स्पेसवॉक करने वाली पहली चीनी महिला बनीं।

PunjabKesari
अंतरिक्ष यात्रियों ने वैज्ञानिक मिशन को अंजाम देने के अलावा अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर बैठे छात्रों के लिए विज्ञान पर दो व्याख्यान भी दिए, जिनका सीधा प्रसारण किया। उन्होंने इस दौरान बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए।अंतरिक्ष संचार प्रौद्योगिकियों में हुई प्रगति की मदद से अंतरिक्ष यात्री इंटरनेट के जरिए मनोरंजन भी कर रहे थे और अपने परिवारों एवं दोस्तों से बात करने में भी सक्षम थे। एक वरिष्ठ अंतरिक्ष विशेषज्ञ पैंग जिहाओ ने बताया कि अंतरिक्ष से लौटने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को आमतौर पर सामान्य होने में तीन महीने का समय लगता है, लेकिन शेनझोउ-13 के यात्रियों को थोड़ा अधिक समय लग सकता है, क्योंकि वे इतने लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Recommended News

Related News

static