चीन में सरोगेसी को लेकर सरकार सख्त,दोषी पाए जाने पर होगी जेल
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 11:14 AM (IST)
नारी डेस्क: चीन ने सरोगेसी को लेकर अपने नियम और सख्त कर दिए हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में सरोगेसी की किसी भी तरह की व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसमें सिर्फ सरोगेसी करवाना ही नहीं, बल्कि इसके लिए लोगों या मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम करना भी शामिल है। ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने वाले लोगों को कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के प्रवक्ता यांग जिनरुई ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सरकारी मीडिया के मुताबिक, उन्होंने कहा कि देश में सरोगेसी के सभी रूप प्रतिबंधित हैं। इसके लिए किसी तरह की व्यवस्था करना नैतिक नियमों का उल्लंघन है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरोगेसी से जुड़े समझौतों को कानूनी संरक्षण नहीं मिलेगा। ऐसे समझौतों में शामिल लोगों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है।
चीन ने सरोगेसी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अब सिर्फ सरोगेसी कराना ही नहीं, बल्कि इसकी व्यवस्था करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। नियमों का उल्लंघन करने पर जेल तक की सजा संभव है। #ChinaNews #Surrogacy https://t.co/poN2CPP0SU
— Nari (@NariKesari) November 14, 2026
अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई के बाद सरकार ने बढ़ाई सख्ती
सरकार का यह बयान मध्य चीन के हुनान प्रांत की राजधानी चांग्शा में अवैध असिस्टेड रिप्रोडक्टिव सर्विस देने वाले केंद्रों की जांच के बाद आया है। सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन केंद्रों में गैरकानूनी तरीके से प्रजनन संबंधी सेवाएं दी जा रही थीं। मामले की जांच के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा, इन प्रक्रियाओं में इस्तेमाल की जा रही दवाएं भी जब्त की गईं। इस कार्रवाई के बाद सरकार ने संकेत दिया है कि अवैध रूप से चल रहे ऐसे केंद्रों पर निगरानी और कड़ी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: सिंगर ध्वनि भानुशाली ने बॉयफ्रेंड से की सगाई, रोमांटिक प्रपोजल की तस्वीरें शेयर कर दिखाई डायमंड रिंग
साल 2001 से ही चीन में सरोगेसी पर है प्रतिबंध
चीन ने सरोगेसी पर प्रतिबंध लगाने का फैसला साल 2001 में ही कर लिया था। उस समय जारी नियमों के तहत मेडिकल संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को किसी भी तरह की सरोगेसी तकनीक अपनाने से रोक दिया गया था। अब सरकार ने दोबारा स्पष्ट किया है कि इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खास तौर पर उन लोगों और संस्थानों पर नजर रखी जाएगी, जो पैसे लेकर सरोगेसी की व्यवस्था करते हैं या इसके लिए अवैध मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं।

महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों को लेकर जताई चिंता
चीन का राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग सरोगेसी को महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय मानता है। आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया में कई बार महिला के शरीर को केवल बच्चा पैदा करने के साधन के रूप में देखा जाता है। इससे उसकी गरिमा और अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। आयोग ने यह भी चिंता जताई है कि नियमों के बिना होने वाली सरोगेसी में गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं और असुरक्षित मेडिकल प्रक्रियाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसी वजह से चीन सरकार लंबे समय से सरोगेसी पर प्रतिबंध लगाने और इस तरह की गतिविधियों पर रोक बनाए रखने का समर्थन करती रही है।
सरकार के ताजा बयान से साफ है कि चीन अब सरोगेसी से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर और सख्ती से कार्रवाई करने की तैयारी में है।

