अमेरिका के सबसे बड़े और अमीर शहर पर मंडराया खतरा, गर्मी के कारण खिसक रही है जमीन

punjabkesari.in Friday, Jul 21, 2023 - 11:20 AM (IST)

क्या अमेरिका का सबसे बड़ा और अमीर शहर डूबने जा रहा है? वैज्ञानिकों के दावे के बाद इस तरह के सवाल मन में उठ रहे हैं। कहा जा रहा है कि 
 'भूमिगत जलवायु परिवर्तन' के कारण शिकागो शहर के नीचे की जमीन धीरे-धीरे खराब हो रही है। दुनिया भर के कई शहरी क्षेत्रों में इमारतों और भूमिगत परिवहन से निरंतर गर्मी निकलती देखी जा रही है। 


 वैज्ञानिकों के अनुसार हमारे धरातल के नीचे तापमान बढ़ रहा है जिससे भूमिगत जलवायु परिवर्तन की अवधारणा को बल मिल रहा है लेकिन हमारा बुनियादी ढांचा इस हिसाब से तैयार नहीं किया गया है। जमीन खतरनाक रफ्तार से गर्म हो रही है और अनुसंधानकर्ताओं ने यह तापमान वृद्धि प्रति दशक 0.1 से 2.5 डिग्री सेल्सियस मापी है। न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक शिकागो शहर में इमरातों, मल्टीलेवल सड़कों और सबवे से लेकर रेलवे लाइन के नीचे तक की जमीन धंस रही है। 


 नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिविल और पर्यावरण इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर एलेसेंड्रो रोटा लोरिया ने कहा, ‘‘तापमान में बदलाव के परिणामस्वरूप जमीन खराब हो रही है, और कोई भी मौजूदा नागरिक संरचना या बुनियादी ढांचा इन बदलावों के बारे में सोचकर डिजाइन नहीं किया गया है।''   इससे इमारत की नींव और आसपास की जमीन अत्यधिक हिल जाती है और कभी-कभी इसमें दरार पड़ जाती हैं, जिससे संरचनाओं के दीर्घकालिक कामकाज और टिकाऊपन पर असर पड़ता है।


शोधकर्ताओं ने शिकागो के सेंसर-प्राप्त तापमान के आंकड़ों पर ‘सिमुलेशन' का उपयोग करके पाया कि गर्म तापमान के कारण जमीन में 12 मिलीमीटर (मिमी) तक विस्तार हुआ और (इमारत के वजन के नीचे) 8 मिमी तक संकुचन और धंसाव हुआ है। दावा किया जा रहा है कि  भूमिगत जलवायु परिवर्तन के कारण भूजल प्रदूषण या भूमिगत रेलवे में समस्याएं पैदा हो सकती हैं, जिससे पटरियों में सिकुड़न हो सकती है या अत्यधिक गर्मी के कारण यात्री बीमार पड़ सकते हैं।


बता दें कि अमेरिका के सबसे बड़े शहरों में से एक है शिकागो में कई करोड़पति और अरबपति रहते हैं। अमीरों की लिस्ट में शिकागो सांतवे नंबर पर है. इस शहर में 1,60,100 करोड़पति हैं और इस शहर में 7,400 मल्टी-मिलेनियर हैं. जबकि, इस शहर में 340 सेंटी-मिलेनियर और 28 अरबपति हैं। 


 खूबसूरत शहर शिकागो में संग्रहालय, गगनचुंबी इमारतें और स्थानीय स्थान जैसे कुछ बेहतरीन आकर्षण हैं जो देखने लायक हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका के शीर्ष शहरों में से एक होने के नाते, शिकागो में कुछ सबसे शानदार आकर्षण हैं जिन्हें जीवनकाल में एक बार देखा जा सकता है। मिशिगन झील के दक्षिणी नोंक पर स्थित शिकागो विश्व का सबसे बड़ा रेलवे जंक्शन है। यहां तीस से भी अधिक रेलमार्ग मिलते हैं।

Content Writer

vasudha