Cancer के बाद बढ़ी Chhavi Mittal की परेशानी, शरीर में दिखे कई Side Effects

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 07:08 PM (IST)

नारी डेस्क:   एक्ट्रेस और ब्रेस्ट कैंसर सर्वाइवर छवि मित्तल को एक बार फिर सर्जरी से गुजरना पड़ा है। साल 2022 में ब्रेस्ट कैंसर का इलाज कराने के बाद छवि लगातार अपनी हेल्थ जर्नी को लेकर फैंस से खुलकर बात करती रही हैं। अब उन्होंने बताया है कि उन्हें यूट्राइन फाइब्रॉइड की वजह से सर्जरी करानी पड़ी। छवि ने सोशल मीडिया पर अपनी रिकवरी का अपडेट देते हुए सर्जरी के बाद होने वाली तकलीफों के बारे में भी खुलकर बात की है। 

सफल रही फाइब्रॉइड की सर्जरी

छवि ने बताया कि उनकी सर्जरी ठीक तरह से हुई है। उनके मुताबिक, फाइब्रॉइड स्कैन में जितना बड़ा दिखाई दे रहा था, असल में उससे भी बड़ा था। इसके साथ ही उनकी ओवरी में मौजूद डर्मॉइड सिस्ट को भी सर्जरी के दौरान निकाल दिया गया। सर्जरी के बाद गर्भाशय और फाइब्रॉइड की बायोप्सी भी की गई। छवि के मुताबिक, दोनों की रिपोर्ट क्लीन आई है। यानी फिलहाल जांच में कैंसर से जुड़ी कोई समस्या सामने नहीं आई है। 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Chhavi Mittal (@chhavihussein)

सर्जरी के बाद दर्द और ब्लोटिंग से परेशान हैं छवि

सर्जरी के बाद छवि ने बताया कि अभी पूरी तरह सामान्य रूटीन में लौटना आसान नहीं है। लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के दौरान पेट में कार्बन डाइऑक्साइड गैस भरी जाती है, जिसकी वजह से उन्हें काफी ब्लोटिंग और असहजता महसूस हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि एनेस्थीसिया का असर पूरी तरह खत्म होने और शरीर के सामान्य महसूस करने में भी थोड़ा वक्त लगता है। चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में परेशानी हो रही है, इसलिए रिकवरी में समय लग रहा है। छवि ने अस्पताल में अपने अनुभव को साझा करते हुए यह भी बताया कि कैथेटर निकलवाना उनके लिए बेहद खराब अनुभव रहा और वह दोबारा उस अनुभव से गुजरना नहीं चाहतीं। 

पेट पर लगे हैं टांके

फाइब्रॉइड काफी बड़ा होने के कारण उसे बहुत छोटे कट से निकालना संभव नहीं था। छवि ने बताया कि सर्जरी के दौरान पेट पर कई जगह कट लगाए गए हैं और अंदर भी अपेक्षाकृत बड़ा कट है। इस वजह से उन्हें अंदर कई टांके भी लगे हैं। सर्जरी के बाद शरीर को ठीक होने में समय लग रहा है और छवि फिलहाल उसी रिकवरी फेज से गुजर रही हैं।

ये भी पढ़ें:  अफसाना खान ने सावन में किया शिवलिंग का रुद्राभिषेक, ट्रोलर्स ने मां-बाप तक को घसीटा

कैंसर के बाद शुरू हुईं कई परेशानियां

छवि ने अपने एक वीडियो में यह भी बताया कि उन्होंने पहले कभी कैंसर के इलाज के बाद होने वाले सभी साइड इफेक्ट्स के बारे में विस्तार से बात नहीं की थी। उनका कहना है कि इलाज के दौरान कुछ साइड इफेक्ट्स सामने आते हैं और कई बार इलाज खत्म होने के बाद उनमें कमी भी आने लगती है।लेकिन छवि के मामले में कुछ परेशानियां लंबे समय तक बनी रहीं। उन्होंने बताया कि कैंसर के इलाज के बाद उन्हें टेमोक्सिफेन दवा दी गई थी। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें बताया था कि दवा के गंभीर साइड इफेक्ट्स आम नहीं हैं, लेकिन उन्हें मूड स्विंग्स और बोन डेंसिटी कम होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

1.25 सेंटीमीटर का फाइब्रॉइड बढ़कर 7.2 सेंटीमीटर हुआ

छवि ने बताया कि उन्हें करीब 20 साल पहले से ही एक छोटा फाइब्रॉइड था, जिसका आकार लगभग 1.25 सेंटीमीटर था। उनके मुताबिक, टेमोक्सिफेन लेने के बाद यह तेजी से बढ़ा और अब करीब 7.2 सेंटीमीटर तक पहुंच गया। छवि ने अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि फाइब्रॉइड की वजह से उनकी पीरियड्स से जुड़ी परेशानियां काफी बढ़ गई थीं। कुछ दिनों में उन्हें दिन में कई बार टैम्पोन बदलने पड़ते थे और पैड्स के साथ पीरियड पैंटी का इस्तेमाल भी करना पड़ता था। 

पीरियड्स में बढ़ा दर्द, क्लॉट्स और ब्लैडर की समस्या

छवि के मुताबिक, पहले उन्हें पीरियड्स के दौरान इतना ज्यादा दर्द नहीं होता था, लेकिन फाइब्रॉइड बढ़ने के बाद स्थिति बदल गई। उन्हें ज्यादा दर्द और ब्लड क्लॉट्स की समस्या होने लगी। बढ़े हुए फाइब्रॉइड की वजह से ब्लैडर पर दबाव पड़ने लगा, जिससे उन्हें ब्लैडर से जुड़ी परेशानियां होने लगीं। इसके अलावा आंतों और पेट से जुड़ी दिक्कतें भी उन्हें परेशान करने लगीं। इन समस्याओं का असर उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ रहा था। 

PunjabKesari

सर्जरी से पहले भी साफ था कि इसे टालना मुश्किल है

छवि ने बताया था कि फाइब्रॉइड लगातार बढ़ रहा था और इसके कारण उनकी तकलीफें भी बढ़ती जा रही थीं। ऐसे में सर्जरी कराना उनके लिए जरूरी हो गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर उन्हें टेमोक्सिफेन के संभावित साइड इफेक्ट्स के बारे में पहले से पता होता, तब भी वह कैंसर के इलाज के लिए इस दवा को लेने से पीछे नहीं हटतीं। उनके मुताबिक, किसी भी दवा के फायदे और नुकसान दोनों को ध्यान में रखना जरूरी है। 

कैंसर से जंग के बाद भी जारी है छवि की हेल्थ जर्नी

छवि मित्तल को साल 2022 में ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था। उन्होंने सर्जरी और रेडिएशन थेरेपी के जरिए इलाज कराया और इसके बाद खुद को कैंसर फ्री बताया था। तब से वह अपनी रिकवरी, शरीर में आए बदलावों और इलाज के बाद की चुनौतियों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार जागरूकता फैलाती रही हैं।  अब फाइब्रॉइड की सर्जरी के बाद छवि एक बार फिर रिकवरी के दौर से गुजर रही हैं। हालांकि उन्होंने बताया है कि बायोप्सी रिपोर्ट क्लीन आई है, लेकिन सर्जरी के बाद पूरी तरह सामान्य होने में उन्हें अभी थोड़ा वक्त लगेगा। इस मुश्किल समय में वह अपने फैंस और शुभचिंतकों की दुआओं और सपोर्ट को अपनी ताकत बता रही हैं। 
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

static