नेल पॉलिश खरीदने से पहले लेबल पर जरूर देखें ये बातें, नहीं तो नाखूनों के साथ सेहत को भी होगा नुकसान
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 04:52 PM (IST)
नारी डेस्क: नेल पॉलिश सिर्फ नाखूनों की खूबसूरती बढ़ाने का साधन नहीं है, बल्कि इसका सही चुनाव आपके नाखूनों की सेहत के लिए भी बेहद जरूरी है। बाजार में मिलने वाली हर नेल पॉलिश सुरक्षित हो, ऐसा जरूरी नहीं। कई नेल पॉलिश में ऐसे केमिकल मौजूद होते हैं, जो लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर नाखूनों को कमजोर कर सकते हैं और कुछ मामलों में त्वचा या शरीर पर भी असर डाल सकते हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट्स का कहना है कि नेल पॉलिश खरीदते समय केवल रंग या ब्रांड नहीं, बल्कि उसके लेबल और इंग्रीडिएंट्स को भी ध्यान से पढ़ना चाहिए।
नेल पॉलिश खरीदते समय लेबल पर क्या देखें
अगर आप नियमित रूप से नेल पॉलिश लगाती हैं, तो खरीदने से पहले पैकेजिंग पर कुछ जरूरी बातें जरूर जांच लें।

'5-Free' या '7-Free' लेबल वाली नेल पॉलिश चुनें
आजकल कई ब्रांड अपने प्रोडक्ट पर 5-Free, 7-Free या Free From जैसे लेबल लिखते हैं। इसका मतलब होता है कि उस नेल पॉलिश में कुछ ऐसे हानिकारक केमिकल शामिल नहीं हैं, जिन पर स्वास्थ्य संबंधी सवाल उठते रहे हैं।
भरोसेमंद ब्रांड का ही करें चुनाव
सस्ते और बिना पहचान वाले ब्रांड कई बार अपने सभी इंग्रीडिएंट्स की जानकारी स्पष्ट नहीं देते। इसलिए हमेशा ऐसे ब्रांड चुनें जो अपने प्रोडक्ट की पूरी जानकारी उपलब्ध कराते हों।
वॉटर-बेस्ड या किड्स-सेफ विकल्प बेहतर
अगर आपके नाखून संवेदनशील हैं या आप बार-बार नेल पॉलिश लगाती हैं, तो वॉटर-बेस्ड या Kids Safe लेबल वाले विकल्प अपेक्षाकृत बेहतर माने जाते हैं।
जेल नेल पॉलिश का सीमित इस्तेमाल करें
जेल नेल पॉलिश को सुखाने के लिए यूवी (UV) लाइट की जरूरत पड़ती है। बार-बार इसका इस्तेमाल करने से नाखून कमजोर हो सकते हैं, इसलिए इसका उपयोग सीमित मात्रा में करना बेहतर माना जाता है।
एक्रेलिक नेल पेंट का सावधानी से करें इस्तेमाल
कई एक्रेलिक नेल प्रोडक्ट्स में भारी धातुओं (Heavy Metals) के अंश हो सकते हैं। इसलिए इन्हें पूरे नाखून पर लगाने की बजाय केवल नेल आर्ट तक सीमित रखना बेहतर रहता है।

येे भी पढ़ें: Alia Bhatt के साड़ी लुक्स ने जीता दिल, पारसी गारा से बनारसी तक खूबसूरत फ्यूजन बना नया फैशन ट्रेंड
इन केमिकल्स वाली नेल पॉलिश से बचें
विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर नेल पॉलिश में नीचे दिए गए केमिकल मौजूद हों तो खरीदने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
फॉर्मलडीहाइड (Formaldehyde): इससे एलर्जी, खुजली और त्वचा में जलन हो सकती है।
टोल्यून (Toluene): इसके अधिक संपर्क से सिरदर्द और चक्कर जैसी परेशानी हो सकती है।
डीबीपी (DBP): इसे हार्मोनल बदलावों से जोड़कर देखा जाता है।
कैंफर (Camphor): अधिक मात्रा में होने पर नाखून रूखे और कमजोर हो सकते हैं।
फॉर्मलडीहाइड रेजिन: संवेदनशील त्वचा वालों में एलर्जी का कारण बन सकता है।
जाइलीन (Xylene): इससे आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
एथाइल टोसाइलामाइड (Ethyl Tosylamide): इसकी सुरक्षा को लेकर अभी भी अध्ययन जारी हैं।
नेल पॉलिश लगाने से पहले करें ये तैयारी
नेल पॉलिश तभी अच्छी दिखती है जब नाखून पहले से साफ और स्वस्थ हों। सबसे पहले पुराने नेल पॉलिश को हटाकर नाखूनों को अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद नाखूनों को मनचाही शेप में काटें और फाइल करें। क्यूटिकल्स को धीरे-धीरे पीछे करें या जरूरत पड़ने पर सावधानी से साफ करें। नाखूनों के आसपास की त्वचा पर हल्का मॉइस्चराइजर या क्यूटिकल ऑयल लगाएं, लेकिन ध्यान रखें कि नाखून की सतह पर तेल न लगे, वरना नेल पॉलिश ठीक से नहीं टिकेगी।
अपनी स्किन टोन के अनुसार चुनें नेल पॉलिश
सही रंग चुनने से नेल पॉलिश का लुक और भी बेहतर हो जाता है। अगर आपकी स्किन का अंडरटोन कूल है तो पिंक, ब्लू और बेरी शेड्स अच्छे लगते हैं।
वार्म अंडरटोन पर कोरल, ऑरेंज और वार्म रेड शेड ज्यादा खूबसूरत दिखते हैं। न्यूट्रल अंडरटोन वाले लोग लगभग सभी रंग आसानी से कैरी कर सकते हैं।
नेल पॉलिश लगाने का सही तरीका
सबसे पहले बेस कोट लगाएं। इससे नाखूनों को सुरक्षा मिलती है और नेल पॉलिश ज्यादा समय तक टिकती है। इसके बाद दो से तीन पतली लेयर में नेल पॉलिश लगाएं। हर लेयर को पूरी तरह सूखने दें, फिर अगली लेयर लगाएं। एक साथ मोटी परत लगाने से नेल पॉलिश जल्दी निकल सकती है। अंत में टॉप कोट जरूर लगाएं। इससे नेल पॉलिश की चमक बनी रहती है और वह जल्दी खराब नहीं होती।

ये गलतियां नाखूनों को पहुंचा सकती हैं नुकसान
कुछ आदतें नाखूनों की सेहत खराब कर सकती हैं। जैसे
गंदे नाखूनों पर नेल पॉलिश लगाना।
नेल पॉलिश को खुरचकर हटाना।
कई हफ्तों तक लगातार नेल पॉलिश लगाए रखना।
क्यूटिकल्स को जोर से काटना।
बार-बार एसिटोन वाले रिमूवर का इस्तेमाल करना।
नेल इंफेक्शन को नजरअंदाज करना।
कब नाखूनों को दें आराम
अगर नाखूनों पर सफेद धब्बे दिखाई दें, उनका रंग पीला पड़ने लगे, खुजली हो, नाखून पतले या मोटे होने लगें, उनमें दरारें आने लगें या आसपास की त्वचा में सूजन दिखे, तो कुछ समय तक नेल पॉलिश लगाने से बचें। यदि समस्या लगातार बनी रहे, तो स्वयं इलाज करने की बजाय किसी त्वचा विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) से सलाह लेना बेहतर रहेगा। स्वस्थ नाखून ही किसी भी नेल पॉलिश की असली खूबसूरती को निखारते हैं।

