''रामायण'' के महामंत्री का निधन, 98 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

punjabkesari.in Wednesday, Jun 16, 2021 - 11:33 AM (IST)

कोरोना महामारी के बीच फिल्म इंडस्ट्र्री से दुखभरी खबर सामने आई है। 'रामायण' में राजा दशरथ के महामंत्री आर्य सुमंत का किरदार निभाने वाले एक्टर चंद्रशेखर वैद्य का 98 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह 50 और 60 के दशक के फेमस एक्टर थे। चंद्रशेखर वैद्य ने आज सुबह मुंबई के अंधेरी में स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 

एक्टर के निधन की जानकारी उनके पोते विशाल शेखर ने दी है। उन्होंने बताया, दादाजी नींद में शांतिपूर्वक तरीके से दुनिया को अलविदा कह गए। उन्हें कोई बीमारी नहीं थी। तेज बुखार के कारण उन्हें पिछले हफ्ते क्रिटी केयर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बुखार उतरने पर हम उन्हें एक दिन में ही घर वापिस ले आए थे। उनकी इच्छा थी कि वो परिवार वालों के साथ अपने आखिर दिन बिताएं। उनकी इसी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए हम उन्हें घर ले आए थे। 

वहीं अगर बात करे चंद्रशेखर वैद्य के फिल्मी करियर की तो उन्होंने 50 के दशक में एक जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने कई फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट का रोल निभाया। जिसके बाद वह बतौर हीरो कई फिल्मों में दिखाई दिए। चंद्रशेखर वैद्य ने अपने करियर में 110 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

इसके अलावा एक्टर ने साल 1964 में आई फिल्म 'चा चा चा' और 1966 में आई फिल्म 'स्ट्रीट सिंगर' का निर्देशन भी किया था। चंद्रशेखर वैद्य ने रामानंद सागर की 'रामायण' में राजा दशरथ के महामंत्री आर्य सुमंत का किरदार निभाया था। इस किरदार ने उन्हें घर-घर में फेमस कर दिया था। 

Content Writer

Bhawna sharma