कैंसर-डायबिटीज का खतरा कम करेगा Low Calories डाइट!

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2020 - 03:55 PM (IST)

एक नए अध्ययन में पता चला है कि कम खाना खाने से शरीर स्वस्थ रहता है और जिंदगी लंबी होती है। यह अध्ययन चीन और अमेरिका के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया है। उन्होंने कम कैलोरी वाले आहार से कोशिकाओं पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन किया है। शोधकर्ताओं ने कहा, कैलोरी वाले आहार का सेवन कम करके बूढ़े होने की प्रक्रिया को धीमा और जीवन काल को लंबा किया जा सकता है।

उम्र बढ़ने पर होने लगते हैं कई रोग

कैलोरी कम करने के फायदों के बारे में लंबे समय से लोगों को पता है। हालांकि, नया अध्ययन बताता है कि कैलोरी पर प्रतिबंध लगाने से कोशिकाओं की उम्र को बढ़ने से कैसे रोका जा सकता है। शोधकर्ता जुआन कार्लोस इजिपिसुआ बेलमोंटे ने कहा, 'हम जानते हैं कि कैलोरी को प्रतिबंधित करने से जीवनकाल लंबा होता है. लेकिन, अब हमने कोशिका के स्तर पर होने वाले सभी परिवर्तनों को दिखाया।'

चूहों पर किया गया शोध

अध्ययन में कहा गया है कि उम्र बढ़ना कैंसर, मनोभ्रम, मधुमेह और मेटाबॉलिक (चयापचय) सिंड्रोम जैसे कई रोगों के लिए अधिक जोखिम कारक है। शोधकर्ताओं ने कहा, हमने अध्ययन में चूहों पर किए गए कैलोरी प्रतिबंध का प्रभाव देखा, जिसमें उम्र से संबंधित बीमारियों के खिलाफ इसे सबसे प्रभावी पाया गया।

ऐसे किया अध्ययन

हालांकि, शोधकर्ता जानते हैं कि प्रत्येक कोशिका कई परिवर्तनों से गुजरती हैं लेकिन वे यह नहीं जानते थे कि कैलोरी पर प्रतिबंध इन परिवर्तनों को कैसे प्रभावित कर सकता है। शोधकर्ता बेलमोंटे ने अध्ययन के दौरान 30 प्रतिशत कम कैलोरी खाने वाले चूहों की तुलना सामान्य आहार लेने वाले चूहों के साथ की।

आहार की शुरुआत और अंत तक शोधकर्ताओं ने 56 चूहों में 40 प्रकार की कोशिकाओं का विश्लेषण किया. इसमें पता चला कि सामान्य आहार लेने वाले चूहे जल्द वृद्ध हो गए. वहीं कैलोरी प्रतिबंधित आहार लेने वाले चूहों में *ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ। शोधकर्ताओं ने कहा, सामान्य आहार लेने वाले चूहों के ऊतकों की कोशिकीय संरचना में 57 फीसदी उम्र से संबंधित परिवर्तन देखे।
 

Content Writer

Anjali Rajput