इस खास पत्ते को पैरों पर लगाकर देखें, दर्द और सूजन में मिलेगा आराम
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 11:30 AM (IST)
नारी डेस्क: जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या आजकल बहुत आम हो गई है। घुटनों, पैरों और अन्य जोड़ों में दर्द होने से चलना-फिरना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोग अक्सर घरेलू नुस्खों की तलाश करते हैं, ताकि बिना ज्यादा दवाइयों के दर्द से राहत मिल सके। सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा गया है कि पत्तागोभी के पत्तों को पैरों या जोड़ों पर लपेटने से गठिया, दर्द और सूजन में आराम मिलता है। इस दावे की सच्चाई जानने के लिए सजग फैक्ट चेक टीम ने विशेषज्ञ डॉक्टर से बात की और पूरे मामले की जांच की।
सोशल मीडिया पर क्या किया गया दावा?
इंस्टाग्राम पर मौजूद एक पोस्ट में दावा किया गया है कि यदि पत्तागोभी के पत्तों को पैरों, घुटनों या दर्द वाले जोड़ों पर लपेट लिया जाए, तो जोड़ों का दर्द और सूजन बहुत जल्दी कम हो जाती है। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि यह उपाय गठिया (Arthritis) को कंट्रोल करने में भी मदद करता है।
डॉक्टर से कराया गया फैक्ट चेक
इस दावे की सच्चाई जानने के लिए सजग टीम ने सियाराम आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर और HOD डॉ. अमित जगताप से बात की। डॉक्टर ने इस घरेलू नुस्खे को सही बताया और कहा कि पत्तागोभी के पत्तों का उपयोग जोड़ों के दर्द में फायदेमंद हो सकता है।
डॉक्टर ने क्या बताया?
पत्तागोभी के पत्तों में ऐसे प्राकृतिक गुण पाए जाते हैं जो जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि पत्तागोभी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बायोटिक गुण मौजूद होते हैं। इसके अलावा इसमें सल्फोराफेन और ल्यूपियोल जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो सूजन को कम करके दर्द से राहत दिलाने में सहायक होते हैं।
ये भी पढ़ें: कैंसर सबसे पहले शरीर के इन अंगों को बनाता है निशाना, जानकर चौंक जाएंगे आप
जोड़ों के दर्द के लिए पत्तागोभी का सही तरीका
डॉक्टर ने पत्तागोभी के पत्तों को इस्तेमाल करने का सही तरीका भी बताया। सबसे पहले पत्तागोभी के ऊपर के पत्ते हटा दें और अंदर के ताजे पत्तों को साफ पानी से अच्छे से धो लें। इसके बाद इन पत्तों को बेलन या किसी भारी चीज से हल्का दबाकर चपटा कर लें, ताकि उनका रस निकल सके। अब इन पत्तों को दर्द वाले हिस्से जैसे घुटने, पैर या अन्य जोड़ों पर लपेट लें और ऊपर से सूती कपड़े से हल्का बांध लें। इस लेप को करीब दो घंटे तक लगा रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से उस जगह को धो लें।

डॉक्टर की जरूरी सलाह
डॉक्टर का कहना है कि पत्तागोभी का यह घरेलू उपाय जोड़ों के दर्द, सूजन और गठिया में राहत देने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसे इलाज का पूरा विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अगर किसी व्यक्ति को लेप लगाने के बाद खुजली, जलन या एलर्जी जैसी समस्या महसूस हो, तो तुरंत इसका इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए। साथ ही, गंभीर दर्द या लंबे समय से चल रही समस्या में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
फैक्ट चेक का नतीजा
सजग टीम की ओर से किए गए फैक्ट चेक में यह सामने आया है कि पत्तागोभी के पत्तों को पैरों या जोड़ों पर लपेटने से दर्द और सूजन में राहत मिलने का दावा सही है। हालांकि, यह एक सहायक घरेलू उपाय है और किसी भी गंभीर बीमारी में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

