धनतेरस पर ये चीजें खरीदना शुभ, घर पर बनी रहेगी सुख-समृद्धि

punjabkesari.in Tuesday, Oct 26, 2021 - 10:36 AM (IST)

दीपावली पर्व की हर किसी को बेसब्री से इंतजार रहता है। इसे दुनियाभर में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। इससे पहले कई दिनों से ही दिवाली की तैयारियां व अन्य पर्व शुरु हो जाते हैं। इनमें से एक धनतेरस का त्योहार है। धनतेरस का त्योहार हर साल कार्तिक मास के कृष्‍णपक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है। इस साल यह शुभ तिथि 2 नवंबर को पड़ रही है। इस दिन धन के देवता कुबेर, मां लक्ष्‍मी, धन्‍वतंरि और यमराज जी की पूजा करने महत्व है। मान्यता है कि इस दिन सोने-चांदी व घर के बर्तनों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि इससे धन की देवी लक्ष्मी की असीम कृपा बरसती है। चलिए जानते हैं धनतेरस के शुभ दिन पर किन चीजों का खरीदना चाहिए...

सोने-चांदी के सिक्के

सोना-चांदी को बेहद पवित्र धातु माना गया है। धनतेरस के दिन लक्ष्मी-गणेश जी का चित्र बना हुआ सोना-चांदी का सिक्का लाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे नौकरी लग कारोबार में तरक्की मिलती है। जीवन में पैसों की किल्लत से छुटकारा मिलता है। इसके लिए धनतेरस के दिन एक सोने या चांदी का सिक्का खरीद कर अपने पास रखें। फिर दिवाली के दिन पूजा के बाद इस सिक्के को ‌लकड़ी के पाटे पर स्थापित करें। फिर इसकी विधि-पूर्वक पूजा करके अपने घर या ऑफिस की तिजोरी या पूजास्थल में स्थापित करें। ऐसा करने से आपके घर और बिजनेस की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इसके साथ ही इस दिन मिट्टी से बने लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति खरीदना भी शुभ होता है।

पीतल

जो लोग सोना-चांदी का सिक्का नहीं खरीद सकते वे इस दिन पीतल का कोई बर्तन खरीदें। साथ उसमें कुछ मीठा या चावल के दाने डालकर घर लेकर आएं। धनतेरस के दिन किसी चीज से भरा पीतल का कोई बर्तन लाना बेहद शुभ माना गया है। धार्मिक मान्यताओं व कथाओं अनुसार समुद्र मंथन दौरान भगवान धन्वन्तरि का जब अवतरण हुआ था तब उनके दो बाएं हाथों में से एक में अमृत से भरा पीतल का कलश था। साथ ही उनके बाकी हाथों में शंख, चक्र और औषधी पकड़ी हुई थी। इसलिए धनतेरस के शुभ अवसर पर पीतल का बर्तन खरीदना बेहद शुभ माना जाता है।

झाड़ू

झाड़ू को धन की देवी मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं अनुसार धनतेरस के शुभ दिन पर झाड़ू घर लाने से स्वयं मां लक्ष्मी का घर में प्रवेश होता है। झाड़ू से घर की सफाई होती है। ऐसे में इससे घर में मौजूद सारी नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है। इसतरह घर में सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली का वास होता है। इसलिए धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है।

अक्षत यानि चावल

ज्योतिष व वास्तु शास्त्र में अक्षत को बेहद शुभ माना गया है। अक्षत का अर्थ धन-संपत्ति में अनंत वृद्धि माना जाता है। इसलिए इस दिन चावल खरीदना भी शुभ होता है। इससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही घर में पैसा टिकेगा।

धनिया

इस शुभ दिन पर धनिया खरीदने का भी विशेष महत्व है। इसलिए धनतेरस के दिन धनिया के दाने लाकर देवी लक्ष्मी को चढ़ाएं। फिर उसमें से कुछ दाने अपने घर के गमले में बो दें। मान्यता है कि इसे बोने से अगर धनिया का पौधा निकल आए तो सालभर घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। ऐसे घर में अन्न व धन की बरकत बनी रहती है।

Content Writer

neetu