सावन से पहले घर लाएं ये शुभ वस्तुएं, मिलेंगी भगवान शिव की खास कृपा
punjabkesari.in Thursday, Jul 10, 2025 - 05:43 PM (IST)

नारी डेस्क: हिन्दू धर्म में सावन का माह सबसे पवित्र महीनों में से एक माना जाता है। कहा जाता है कि यह महीना देवाधिदेव भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। शास्त्रों के अनुसार, इस माह में भगवान शिव अपने परिवार के साथ पृथ्वी का भ्रमण करते हैं। इसलिए पूरे सावन माह में शिवजी से जुड़ी कई पवित्र यात्राएं और पूजा-अर्चनाएं होती हैं। लोग इस महीने में मंदिरों में जाकर शिवलिंग पर जल चढ़ाते हैं और भोलेनाथ का नाम जपते हैं।
सावन में खास उपायों का महत्व
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सावन के महीने में कुछ विशेष उपाय करने से जीवन की समस्याएं दूर होती हैं। अगर आप आर्थिक तंगी, रोग-व्याधि और अन्य दुखों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो सावन शुरू होने से पहले कुछ शुभ वस्तुएं अपने घर ले आना शुभ माना गया है। उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज भी सावन के पहले घर में कुछ खास चीजें लाने की सलाह देते हैं।
नंदी की प्रतिमा घर लाना शुभ
भगवान शिव अपने भक्तों के साथ-साथ अपने प्रिय गण नंदी को भी बहुत प्यार करते हैं। इसलिए यदि आप भोलेनाथ को प्रसन्न करना चाहते हैं तो सावन शुरू होने से पहले नंदी की प्रतिमा अपने घर लेकर आएं। इस प्रतिमा को घर के मंदिर में स्थापित करें और पूरे सावन माह नंदी महाराज और शिवजी की विधिवत पूजा करें। इससे भगवान शिव की कृपा सदैव बनी रहती है और जीवन में सुख-शांति आती है।
महामृत्युंजय यंत्र की स्थापना
अगर आप अपने घर से वास्तु दोष दूर करना चाहते हैं, तो सावन आने से पहले अपने घर में महामृत्युंजय यंत्र जरूर स्थापित करें। आप चाहे तो सावन के सोमवार के दिन भी यह यंत्र अपने साथ ला सकते हैं। विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा कर इस यंत्र को स्थापित करने से घर में सुख-शांति आती है और सभी परेशानियां दूर होती हैं।
ये भी पढ़े: Sawan 2025: इन लोगों को नहीं रखना चाहिए सोमवार का व्रत, जानें इसके पीछे की वजह
रुद्राक्ष माला घर लाना चाहिए
ज्योतिष के अनुसार रुद्राक्ष की उत्पत्ति भगवान शिव के आंसुओं से हुई थी। सती माता के वियोग में जब शिवजी आंसू बहा रहे थे तो रुद्राक्ष का जन्म हुआ। इसलिए यह भगवान शिव को बेहद प्रिय माना जाता है। सावन से पहले रुद्राक्ष की माला अपने घर लाएं। इसके बाद इस माला की विधिपूर्वक पूजा करें और गले में धारण करके भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करें। ऐसा करने से पूजा का शुभ फल शीघ्र मिलता है।
सावन में डमरू रखना शुभ
यदि आप अपने जीवन से वास्तु दोष दूर करना चाहते हैं, तो सावन के महीने में घर में डमरू जरूर रखें। डमरू को सावन में भगवान शिव की पूजा के समय बजाना चाहिए। पूजा के बाद इसे मंदिर में स्थापित कर दें। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा कम होती है और घर में सकारात्मकता बनी रहती है।
सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय महीना है। इस दौरान सही उपाय करने से जीवन में सुख, समृद्धि और शांति आती है। नंदी की प्रतिमा, महामृत्युंजय यंत्र, रुद्राक्ष माला और डमरू जैसी वस्तुएं सावन से पहले अपने घर लाकर पूजा करने से भोलेनाथ की विशेष कृपा मिलती है। इसलिए सावन के इस पवित्र माह में इन वस्तुओं को अपने घर लाना और पूजा करना बहुत शुभ और लाभकारी माना गया है।