बॉम्बे हाईकोर्ट ने कंगना और रंगोली को दी बड़ी राहत लेकिन जारी हुआ यह आदेश

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2020 - 05:28 PM (IST)

बाॅलीवुड की बेबाक एक्ट्रेस कंगना रनौत देश के मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं। जिसके चलते वह अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं। वहीं अब एक बार फिर से कंगना सुर्खियों में छाई हुई हैं। कुछ दिनों पहले मुंबई पुलिस ने कंगना और उनकी बहन रंगोली को तीसरी बार समन भेजा था। वहीं हाल ही में कंगना और रंगोली ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करवाने के लिए याचिका दायर की थी। जिस पर कोर्ट का जवाब सामने आया है। 

कंगना को कोर्ट ने दी बड़ी राहत

सांप्रदायिक तनाव फैलाने के आरोप में कंगना के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक्ट्रेस को बड़ी राहत दी है। इस मामले में कोर्ट ने कंगना को गिरफ्तारी से राहत दे दी है। कोर्ट ने मुंबई पुलिस को कंगना और उनकी बहन रंगोली चंदेल को गिरफ्तार ना करने का आदेश जारी किया है। हालांकि इसके साथ ही कोर्ट ने एक्ट्रेस की याचिका पर सुनवाई करते हुए 8 जनवरी को उन्हें मुंबई पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा है। 

गौरतलब है कि एक्ट्रेस के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर समाज में नफरत और सांप्रदायिक तनाव फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके अलावा बांद्रा मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश पर दर्ज की गई एफआईआर में एक्ट्रेस और उनकी बहन पर राजद्रोह का आरोप भी लगा था। पुलिस को मजिस्ट्रेट अदालत ने कंगना रनौत और रंगोली चंदेल के खिलाफ जांच करने के आदेश दिए थे।

इसके अलावा कंगना की प्रॉपर्टी में की गई तोड़फोड़ को लेकर हाईकोर्ट 26 नवंबर को अपना फैसला सुनाएगा। वहीं कंगना और रंगोली को मुंबई पुलिस की तरफ से पूछताछ के लिए तीसरी बार समन भेजा जा चुका है। जिसमें कंगना और रंगोली को 23-24 नवंबर को हाजिर होने के लिए कहा गया था। इससे पहले भी दोनों को मुंबई पुलिस की तरफ से पूछताछ के लिए दो बार समन भेजा जा चुका है। लेकिन पुलिस स्टेशन में दोनों पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुई थी।

Content Writer

Bhawna sharma