बिग बाॅस में हुई बीजेपी नेता सोनाली फोगाट की एंट्री, विवादों से घिरी हैं उनकी जिंदगी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 22, 2020 - 11:15 AM (IST)

टीवी शो बिग बाॅस 14 में आए दिन कई ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। वहीं घर में नए कंटेस्टेंट्स की एंट्री तो थमने का नाम नहीं ले रही। बीते कुछ हफ्तों पहले चैलेंजर्स बनकर घर में नए सदस्यों ने एंट्री की थी। वहीं अब बिग बाॅस में भाजपा नेता सोनाली फोगाट एंट्री करने वाली हैं। सोनाली फोगाट हरियाणा की दमदार भाजपा नेताओं में गिनी जाती हैं लेकिन सोनाली का नाता अक्सर विवादों से रहा है। तो चलिए आपको बताते हैं सोनाली फोगाट की जिंदगी से जुड़े विवादों के बारे में...

बहन के देवर से रचाई शादी

फतेहाबाद जिले के एक छोटे से गांव भूथान से सोनाली फोगाट ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता एक किसान है। सोनाली की तीन बहनें और एक भाई भी है। सोनाली की शादी की बात करें तो उन्होंने अपनी बहन के देवर संजय फोगाट से शादी रचाई थी। सोनाली एक बेटी की मां भी हैं जो हाॅस्टल में रहती हैं। साल 2016 में सोनाली के पति का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया था। उस समय सोनाली मुंबई में थी। 

टिक टाॅक स्टार सोनाली फोगाट

भाजपा महिला नेता के अलावा सोनाली फोगाट को टिक टाॅक स्टार के रुप में भी पहचाना जाता है। बिग बाॅस में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेनी वाली सोनाली फोगाट ने कई फिल्मों और टीवी सीरियल्स में भी काम किया है। 

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 लड़ा

सोनाली ने हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि वह यह चुनाव हार गई थीं। वह चुनाव प्रचार के समय तब विवादों में आई थी जब उन्होंने भारत माता की जय न बोलने वालों को पाकिस्तानी कह दिया था। जिसके बाद जमकर बवाल हुआ था। 

सोनाली ने चप्पलों से की थी पिटाई

सोनाली फोगाट उस समय चर्चा में आई जब उन्होंने हिसार मार्केट कमेटी के सचिव सुल्तान सिंह की चप्पलों से पिटाई की थी। इस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था जिसमें वह सुल्‍तान सिंह की पिटाई करते हुए दिखाई दे रही थी। हालांकि जब इस पर जांच बिठाई गई तो सोनाली को भाजपा सांसद संजय भाटिया के नेतृत्व वाली जांच कमेटी से क्लीनचिट मिल गई थी। 

अदाकारा बनना चाहती थी सोनाली 

भाजपा महिला मोर्चा की की वर्किंग कमेटी की वाइस प्रेसिडेंट सोनाली फोगाट को एक्टिंग का काफी शौक था। वह शुरू के एक अदाकारा बनना चाहती थी। उन्होंने कुछ टीवी सीरियल में भी काम किया है। इसके अलावा सोनाली हिसार दूरदर्शन में एंकर भी रह चुकी हैं।

Content Writer

Bhawna sharma