11 साल तक भारती ने कपिल से छुपाए रखा अपना रिलेशनशिप, बताई इसके पीछे की वजह

punjabkesari.in Sunday, Jul 18, 2021 - 05:31 PM (IST)

लाॅफ्टर क्वीन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया की शादी को 4 साल हो चुके हैं। भारती कई बार फैंस को अपनी लवस्टोरी बता चुकी हैं लेकिन बहुत कम लोग ये जानते होंगे के भारती ने अपने भाई को 11 साल तक अपने रिलेशनशिप की भनक तक लगने नहीं दी थी। जी हां, हम बात कर रहे हैं काॅमेडियन कपिल शर्मा की जिन्हें भारती अपना भाई मानती हैं। यहां तक कि कपिल भी खुद हर्ष को अपना छोटा भाई कहते हैं। वहीं भारती ने बताया कि किस वजह से उन्होंने कपिल को अपने रिलेशन के बारे में नहीं बताया था। 

भारती, कपिल के साथ-साथ मनीष पाॅल के भी बेहद करीब हैं। हाल ही में मनीष पॉल के पॉडकास्ट में भारती ने बताया उन्होंने कपिल शर्मा से भी अपने और हर्ष के रिलेशनशिप की बात छुपा कर रखी थी। भारती कहती हैं कि वह शर्मीली हैं और इस बारे में किसी से भी बात करते हुए अजीब महसूस करती हैं। इसलिए उन्हें पब्लिकली भी इस बारे में बात करना सही नहीं लगा। उनका कहना है कि जब बात लव लाइफ की हो तो उसके लिए उनके ख्याल थोड़े पुराने है। 

कपिल और मनीष को अपने रिलेशनशिप के बारे में न बताने पर भारती ने कहा, 'मेरे अंदर भाई की इज्जत वाली फीलिंग है। उन्हें यह बताते हुए मुझे अजीब लगा जिस वजह से मैंने कपिल और मनीष को अपने रिलेशनशिप के बारे में नहीं बताया। मैं ऐसी बिल्कुल भी नहीं हूं कि मैं मुंबई में रहती हूं और काम करती हूं। मेरा बाॅयफ्रेंड है, हम शादी करने वाले हैं..ये सब कहने की मेरे अंदर हिम्मत नहीं थी। सिर्फ शर्म के चलते मैंने उन्हें यह बात नहीं बताई थी।' 

भारती ने बताया कि हर्ष ने उन्हें मैसेज कर प्रपोज किया था। जिसके बाद उन्होंने हर्ष से 25 दिन तक बात नहीं की थी क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह कैसे रिएक्ट करे। इससे पहले भारती ने बताया था कि उन्होंने अपने पिता का चेहरा जिंदगी में कभी नहीं देखा। जब वह 2 साल की थी तभी उनके पिता का निधन हो गया था। उनके घर में उनकी कोई भी तस्वीर नहीं है और न ही वह लगने देती हैं।

Content Writer

Bhawna sharma