आदिवासी कला, रंग-बिरंगे आभूषण, 400 से ज्यादा व्यंजन... महाशक्तियां के स्वागत के लिए तैयार है भारत मंडपम

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2023 - 10:13 AM (IST)

जी-20 के शिखर सम्मेलन में विश्व नेताओं के लिए भारत मंडपम् में भारतीय आदिवासी कला, संस्कृति और शिल्प की एक प्रदर्शनी लगायी गयी है जिसमें पिथौरा कला की सजीव प्रस्तुति होगी। राष्ट्रीय राजधानी में हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान आदिवासी कला की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गयी है। इस शिखर सम्मेलन में 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, यूरोपीय संघ और आमंत्रित अतिथि देशों के शीर्ष अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 14 प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।


 जनजातीय मामलों के मंत्रालय का ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ट्राइफेड)‘ट्राइब्स इंडिया'मंडप में पारंपरिक जनजातीय कला, कलाकृतियों, पेंटिंग, मिट्टी के बर्तन, वस्त्र, जैविक प्राकृतिक उत्पादों और कई अन्य चीजों की एक विस्तृत श्रृंखला का प्रदर्शन कर रहा है। यह प्रदर्शनी नो और 10 सितंबर को भारत मंडपम, नयी दिल्ली में जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के हिस्से में आयोजित की जा रही है। पिथौरा कला के प्रसिद्ध कलाकार, पद्मश्री से सम्मानित परेश राठवा और गुजरात और मध्य प्रदेश की राठवा, भिलाला, नाइक और भील जनजातियों की पूजा और अनुष्ठानिक कला का जीवंत प्रदर्शन करेंगे। 

मध्य प्रदेश की गोंड पेंटिंग और ओडिशा के कारीगरों की सौरा पेंटिंग, लेह-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों से अंगोरा और पश्मीना शॉल के अलावा, बोध और भूटिया जनजातियों की कलाकृतियां प्रदर्शनी में शामिल हैं। इसके अलावा नागालैंड के कोन्याक आदिवासियों के रंग-बिरंगे आभूषण हैं। मध्य प्रदेश की महेश्वरी रेशम साड़ियां प्रदर्शित की गयी हैं। इन्हें बोडो जनजाति निर्मित करती है। विश्व नेताओं के लिए पिघली हुई धातुओं, मोतियों, रंगीन कांच के टुकड़ों, लकड़ी की गेंदों से बने ढोकरा आभूषण भी प्रदर्शनी में रखे गए हैं। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के आदिवासी कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

 नई दिल्ली में प्रगति मैदान पर बने 'भारत मंडपम्' में आने वाले तमाम देशों के  राष्ट्राध्यक्षों के लिए करीब 700 शेफ खाना बनाएंगे। विदेशी मेहमानों को करीब 400 से ज्यादा व्यंजन परोसे जाएंगे। बताया जा रहा है कि चांदी के बर्तनों में डिशेज विदेशी मेहमानों को सर्व की जाएंगी। बता दें कि भारत मंडपम 123 एकड़ में बना है, जिसका निर्माण 750 करोड़ रुपए में किया गया है। इसमें दस हजार लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता है। 


वहीं इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने  माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ‘एक्स' पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) बदलकर जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम की तस्वीर लगा दी। तस्वीर में एक चमकदार रोशनी वाला भरत मंडपम दिखाई दे रहा है, जिसमें नटराज की मूर्ति स्थापित है। मोदी ने अपनी प्रोफाइल पिक्चर भी बदली है और तिरंगे की जगह ‘नमस्ते' करते हुए अपनी तस्वीर लगाई है। 


 

Content Writer

vasudha