शावर में बैठकर रोती थीं भाग्यश्री! बोलीं- शरीर में हो रहे थे ऐसे बदलाव, जानें लक्षण

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 12:13 PM (IST)

नारी डेस्क : एक्ट्रेस भाग्यश्री ने पेरिमेनोपॉज के दौरान अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौर में शरीर में होने वाले बदलावों और भावनात्मक उतार-चढ़ाव से वह काफी परेशान हो गई थीं। हालत यहां तक पहुंच गई थी कि वह दिन में 4 से 5 बार शावर लिया करती थीं और कई बार शावर में रोया करती थीं।

भाग्यश्री ने बयां किया पेरिमेनोपॉज का अनुभव

57 वर्षीय भाग्यश्री ने SheThe People से बातचीत में बताया कि पेरिमेनोपॉज के दौरान उन्हें कई तरह के शारीरिक और मानसिक बदलाव महसूस हुए। उन्होंने कहा कि जब उन्हें रोने जैसा महसूस होता था, तो वह शावर में चली जाती थीं और पानी के नीचे काफी देर रहती थीं। भाग्यश्री के मुताबिक, एक समय ऐसा भी आया जब वह दिन में 4 से 5 बार शावर लिया करती थीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने कई डॉक्टरों से सलाह ली, सवाल पूछे और अपने शरीर में हो रहे बदलावों को समझने की कोशिश की। इससे उन्हें पेरिमेनोपॉज और मेनोपॉज को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिली।

PunjabKesari

मूड स्विंग्स से लेकर माइंड फॉग तक ने किया परेशान

पेरिमेनोपॉज के दौरान भाग्यश्री को कई लक्षणों का सामना करना पड़ा। उन्होंने मूड स्विंग्स, हॉट फ्लैशेज और माइंड फॉग का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें अचानक बहुत गर्मी महसूस होती थी। इसके अलावा वह अपनी फिल्म की लाइन्स भूल जाती थीं या कमरे से किसी काम के लिए निकलने के बाद भूल जाती थीं कि वहां क्यों आई थीं। भाग्यश्री ने बताया कि इन अनुभवों के बाद उन्हें एहसास हुआ कि इस दौरान खुद की सेहत और शरीर में हो रहे बदलावों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।

यें भी पढ़ें : बिना चोट पैर में दर्द को न करें नजरअंदाज, हो सकती है इन चीजों की कमी

रात में पसीने से बदलने पड़ते थे कपड़े

भाग्यश्री ने यह भी बताया कि उन्हें रात के समय काफी ज्यादा पसीना आता था। कई बार पसीने से उनके कपड़े और बिस्तर की चादर तक भीग जाती थी, जिसके कारण उन्हें रात में उठकर कपड़े और चादर बदलनी पड़ती थी। इस तरह के नाइट स्वेट्स नींद को भी प्रभावित कर सकते हैं और पेरिमेनोपॉज के दौरान कुछ महिलाओं में देखने को मिलते हैं।

PunjabKesari

पेरिमेनोपॉज में कौन-कौन से लक्षण दिख सकते हैं?

पेरिमेनोपॉज वह संक्रमणकाल है जब शरीर धीरे-धीरे मेनोपॉज की ओर बढ़ता है। इस दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण हर महिला में अलग-अलग लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
आम लक्षणों में शामिल हैं पीरियड्स का अनियमित होना
हॉट फ्लैशेज और ज्यादा पसीना आना
मूड में बदलाव और चिड़चिड़ापन
नींद में परेशानी
थकान और सिरदर्द
माइंड फॉग या ध्यान लगाने में परेशानी
योनि में सूखापन
सेक्स ड्राइव में बदलाव।

PunjabKesari

भाग्यश्री ने महिलाओं को दी काम की सलाह

भाग्यश्री ने पेरिमेनोपॉज से गुजर रही महिलाओं को रात में होने वाली परेशानी के लिए कुछ व्यावहारिक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि सोने से पहले अपने पास एक्स्ट्रा नाइटसूट या नाइटी, चादर और पाउडर जैसी जरूरी चीजें रख लें। इससे रात में ज्यादा पसीना आने पर कपड़े या बिस्तर बदलने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

यें भी पढ़ें : दिमाग की नस फटने से 1 दिन पहले शरीर देता है ये संकेत, लापरवाही सबसे बड़ी गलती

नोट : पेरिमेनोपॉज हर महिला के लिए अलग अनुभव हो सकता है। अगर लक्षण बहुत ज्यादा परेशान कर रहे हों या रोजमर्रा की जिंदगी और नींद प्रभावित हो रही हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static