Bhadrapada Purnima: भाद्रपद पूर्णिमा आज, जानिए देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के उपाय

punjabkesari.in Monday, Sep 20, 2021 - 12:15 PM (IST)

हिंदू धर्म में अन्य शुभ तिथियों की तरह पूर्णिमा का विशेष महत्व है। भाद्रपद मास का आरंभ हो चुका है। इस महीने की पूर्णिमा आज यानि 20 सितंबर को पड़ रही है। इस शुभ दिन पर भगवान विष्णु, देवी लक्ष्मी और चंद्र देव की पूजा की जाती है। माना जाता है कि पूर्णिमा के शुभ दिन पर चंद्रमा 16 कलाओं से परिपूर्ण होता है। मान्यता है इस दिन व्रत व कुछ खास उपाय करने से जीवन की समस्याओं से छुटकारा मिलता है। साथ ही मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

भाद्रपद मास की पूर्णिमा मुहूर्त-

भाद्रपद, शुक्ल पूर्णिमा आरंभ- 20 सितंबर 2021, सुबह 05:28 से
भाद्रपद, शुक्ल पूर्णिमा समाप्त- 21 सितंबर 2021, सुबह 05:24 तक

चंद्रमा की पूजा का भी विशेष महत्व

मान्यता है कि इस दिन चंद्रोदय होने के बाद चंद्रमा की पूजा करने व अर्घ्य देने से कई दोषों से मुक्ति मिलती है। इसके लिए जल में कच्चा दूध, चावल और चीनी मिलाएं। उसके बाद 'ॐ स्रां स्रीं स्रौं स: चन्द्रमसे नम:' का मंत्र का उच्चाहरण करते हुए चंद देव को अर्घ्य दें। इससे धन, नौकरी व व्यापार से जुड़ी समस्याएं दूर होती है। पति-पत्नी के साथ साथ अर्घ्य देने से वैवाहिक जीवन में मजबूती आती है। इसके साथ ही हड्डी व आँख के रोग में भी फायदा मिलता है।

लक्ष्मी स्त्रोत या कनकधारा स्त्रोत का करें यह पाठ

पूर्णिमा का संबंध भगवान विष्णु व देवी लक्ष्मी से भी माना जाता है। ऐसे में इस शुभ दिन पर लक्ष्मी स्त्रोत या कनकधारा स्त्रोत का पाठ करें। मध्य रात्रि के समय श्रीहरि और देवी लक्ष्मी की पूजा करें। इसके साथ ही रात के समय घर के मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाएं। मान्यता है कि इससे घर में देवी लक्ष्मी  प्रवेश करती हैं। इसतरह घर में सुख-समृद्धि व खुशहाली का वास होता है।

दोषों से मुक्ति पाने के लिए

भाद मास की पूर्णिमा के दिन गाय को भोजन खिलाएं। मान्यता है कि इससे कुंडली के कई दोषों से छुटकारा मिलता है।

पैसों की किल्लत होगी दूर

इस दिन 11 कौड़ियों पर हल्दी का लेप लगाकर देवी लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर के सामने उनके चरणों पर रखें। उसके बाद देवी मां को केसर व हल्दी का तिलक लगाकर पूजा करें। बाद में लक्ष्मी माता के कनकधारा स्त्रोत का पाठ करें। धार्मिक मान्यताओं अनुसार ऐसा करने से कर्जों से जल्द ही छुटकारा मिलता है। साथ ही घर में पैसा स्थिर होता है।

आर्थिक लाभ के लिए करें यह उपाय

आज के लिए खीर बनाकर देवी लक्ष्मी को भोग लगाएं। साथ ही 5 कुंवारी कन्याओं को घर पर बुलाकर आदर के साथ भोजन करवाएं। उन्हें दान-दक्षिणा देकर उनसे आशीर्वाद लें। उसके बाद घर की सबसे बड़ी महिला को भोजन करवाकर उन्हें महालक्ष्मी का प्रसाद दें। मान्यता है कि इस उपाय से कर्ज व पैसों से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिलता है।

 

 

 

Content Writer

neetu