रोज भीगे हुए अंजीर खाने से स्वस्थ रहेगा दिल, आज ही बनाएं Diet का हिस्सा

punjabkesari.in Sunday, Nov 27, 2022 - 10:37 AM (IST)

ड्राई फ्रूट्स स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। इनमें पाए जाने वाले पोषक तत्व शरीर को कई तरह की बीमारियों से दूर रखते हैं। ऐसा ही ड्राई फ्रूट अंजीर है। अंजीर में मैंगनीज, मैग्नीशियम, आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा अंजीर में एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर भी काफी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इसका सेवन करने से महिलाओं को हार्मोनल समस्या और पीरियड्स में होने वाले दर्द से भी राहत मिलती है। भीगे हुए अंजीर खाने से वजन कम करने में भी मदद मिलती है। तो चलिए आपको बताते हैं भीगे हुए अंजीर खाने के फायदे....

खाली पेट खाएं अंजीर 

अंजीर में पाए जाने वाले पोषक तत्व स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। रात भर आप अंजीर को पानी में भिगोकर रख दें। सुबह खाली पेट इसका सेवन करें ।

एनीमिया से दिलवाए राहत 

शरीर में खून की कमी होने से एनीमिया की समस्या होने लगती है। ऐसे में आप अंजीर का सेवन कर सकते हैं। इसे आयरन का बहुत ही अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसका सेवन करने से शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ता है। यदि आपके खून में कमी है तो आप नियमित इसका सेवन कर सकते हैं। 

 अस्थमा से बचाए

यदि आप अस्थमा के मरीज हैं तो अंजीर का सेवन कर सकते हैं। इसका सेवन करने से शरीर के अंदर म्यूक्स नाम की झिल्लियों को नमी मिलती है और कफ साफ होता है। अंजीर खाने से अस्थमा के मरीजों को आराम मिलता है। 

मजबूत होंगी हड्डियां 

नियमित अंजीर खाने से हड्डियां मजबूत होती है। इसमें कैल्शियम, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। जैसे कि आप जानते हैं कि शरीर खुद कैल्शिय नहीं बनाता ऐसे में आप शरीर में से कैल्शियम की कमी पूरी करने के लिए अंजीर को डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। 

दिल को रखे स्वस्थ 

नियमित अंजीर खाने से आपका दिल भी स्वस्थ रहता है। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा यह हार्ट को भी हैल्दी रखने में मदद करते हैं। अंजीर शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को भी कम करने में सहायता करता है जिससे दिल संबंधी बीमारियों से भी राहत मिलती है। 

कोलेस्ट्रॉल को करे नियंत्रित 

अंजीर आपके कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी नियंत्रित करने में मदद करता है। खासकर भीगे हुए अंजीर में पैक्टिन नाम का फाइबर पाया जाता है जो रक्त में पाए जाने वाले बेड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके अलावा यह फाइबर पाचन तंत्र में पाए जाने वाले अत्यधिक कोलेस्ट्रॉल के स्तर को भी कंट्रोल में रखता है। 

कब्ज से मिलेगा आराम 

भीगे हुए अंजीर में फाइबर की काफी अच्छी मात्रा पाई जाती है। फाइबर आपको पेट संबंधी समस्याओं से आराम दिलवाने में मदद करता है। यदि आपको कब्ज रहती है तो आप खाली पेट अंजीर का सेवन कर सकते हैं। इससे आपको कब्ज से आराम मिलेगा। 

Content Writer

palak