Monsoon Alert: सड़क किनारे लगा 'स्ट्रीट फूड्स' खाने से पहले जान लें इसके नुकसान

punjabkesari.in Wednesday, Jul 25, 2018 - 12:11 PM (IST)

स्ट्रीट फूड खाना तो हर किसी को पसंद होता है, खासकर मानसून सीजन में। बारिश के मौसम में अक्सर लोग सड़के किनारे बिकने वाला स्ट्रीट फूड खाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं यह आपकी सेहत के लिए कितना खतरनाक है। भले ही सड़क किनारे मिलने वाले चाय-पकौड़ों या अन्य स्ट्रीट फूड्स की महक आपको अपनी ओर खींच लें लेकिन सेहत के लिहाज से इसका सेवन नहीं करना चाहिए। बारिश के मौसम में स्ट्रीट फूड्स का सेवन करने से इंफैक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
 

मानसून में क्यों नहीं खाना चाहिए स्ट्रीट फूड?


भले ही बारिश का मौसम आपको गर्मी से राहत देता हो लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने के कारण इस मौसम में कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा इस मौसम में रोगाणुओं से पैदा होने वाली बीमारियां जैसे चिकनगुनिया, टाइफाइड, डेंगू और अपच का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं, स्ट्रीट फूड न तो ठीक से पकाया जाता है और न ही उसे बनाने के लिए साफ सामान, पानी का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका सेवन आपको बीमार कर देता है। इसके अलावा ज्यादातर दुकानदार अपने फूड्स को बाहर खुले में रखते हैं, जिसपर कई तरह बैक्टीरिया होते हैं, जोकि आपको बीमार कर देते हैं। ऐसे में इस मौसम में इससे परहेज करना ही बेहतर है।

इन बातों का रखें ध्यान


1. ज्यादातर दुकानदार स्ट्रीट फूड को ठीक तरह से नहीं पकाते, जिसके कारण वह अच्छी तरह नहीं पकता। मगर मानसून के मौसम में हमेशा पके हुए भोजन का सेवन करना चाहिए। कच्चे या आधे पके हुए भोजन में रोगाणुओं और बैक्टीरिया होने की संभावना ज्यादा होती है। ऐसे में इनका सेवन आपको बीमार कर सकते हैं।
 

2. कोशिश करें की आप हमेशा ताजा और फ्रैश चीजें ही खाएं। इस बात का भी ध्यान रखें कि भोजन सही तापमान और ढककर रखा गया हो।
 

3. बारिश के मौसम में बहुत ज्यादा तैलीए, मसालेदार या ज्यादा शुगर वाले भोजन से भी परहेज करें। क्योंकि इस तरह की चीजें खाने से पाचन क्रिया धीमी हो जाती है, जिससे आपको एसिडिटी, गैस, कब्ज, दस्त और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
 

4. इस मौसम में पानी वाले स्ट्रीट फूड्स जैसे गोलगप्पे, गन्ने का रस, बर्फ का गोला जैसी चीजों का सेवन भी न करें। क्योंकि दुकानदार इन चीजों को ढककर नहीं रखते और इन्हें बनाने के लिए गंदे हाथों का इस्तेमाल करते हैं। इससे बैक्टीरिया आपके शरीर में जाकर आपको बीमार कर देते हैं।
 

5. इस मौसम में बोतलबंद पानी तथा प्योरिफायर्स वाले पानी के अलावा कहीं से पानी न पीएं। इससे आप कई बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं।
 

6. मानसून में गलती से भी खुले में रखे स्ट्रीट फूड का सेवन न करें। सड़क किनारे बिकने वाली पाव भाजी या छोले कुलचे में बैक्टीरिया हो सकते हैं, जोकि फूड प्वाइजनिंग, इंफैक्शन के साथ कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
 

Content Writer

Anjali Rajput