भोलेनाथ को इन 8 चीजों से करें खुश, जल्द बनेंगे बिगड़े काम

punjabkesari.in Tuesday, May 16, 2023 - 06:43 AM (IST)

भगवान शिव एक लोटे जल से भी प्रसन्न हो जाते हैं। कहा जाता है कि भगवान शिव की सच्चे मन से पूजा की जाए तो सारे कष्टों से मुक्ति मिलती है और सभी मनोकामना पूरी होती है। शिव सदा अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। व्यक्ति को कोई भी कष्ट हो भोलेनाथ की शरण में जाने से सबसे छुटकारा मिल जाता है। भगवान शिव पर जल, दूध, भांग, शहद, चंदन आदि चीजें अर्पित की जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भगवान शिव को बेलपत्र के अलावा और क्या चीजें पसंद हैं। तो चलिए जानते उनके बारे में।

शमी के पत्ते

शमी के पत्ते भगवान शिव को बहुत प्रिय है। आमतौर पर शमी के पत्ते शनि को चढ़ाए जाते हैं, लेकिन ये पत्तियां शिवजी और गणेशजी को भी चढ़ा सकते हैं।

अपामार्ग

सुख में वृद्धि और संतान प्राप्ति के लिए सावन में शिवजी पर अपामार्ग के पत्ते भी चढ़ा सकते हैं। अपामार्ग के पत्ते से शिवपूजन करने पर मनुष्य भोग और मोक्ष प्राप्त करता है।

 

पीपल के पत्ते

अगर आपके पास सावन के सोमवार में शिवजी की पूजा करने के लिए बेलपत्र नहीं हैं तो पीपल के पत्तों से भगवान शिव की पूजा कर सकते हैं। इससे भगवान शिव की आप पर कृपा बनी रहेगी।

धतूरा

भगवान श‍िव की पसंदीदा चीजों में धतूरा खासतौर पर शामिल है। अगर बेलपत्र नहीं है तो आप धतूरे से पूजा कर सकते हैं। सावन के सोमवार में धतूरे की खास मांग रहती है।

भांग

सावन के महीने में भगवान शिव पर आप भांग भी चढ़ा सकते हैं। भांग आपके बेलपत्र की कमी को पूरा करेगा। सावन में भांग भगवान शिव के प्रसाद के रूप में बांटा भी जाता है।

दूर्वा

भगवान शिव से लंबी आयु का वरदान चाहते हैं तो आप शिवलिंग पर दूर्वा घास चढ़ाएं। पुराणों के अनुसार दुर्वा में अमृत का वास माना गया है। दुर्वा गणेशजी के साथ शिवजी को भी प्रिय है।

बांस

आप बांस से भी शिवजी की पूजा कर सकते हैं। जिन लोगों को संतान सुख की चाहत है वह बांस के पत्ते शिवजी को चढ़ा सकते हैं। बांस के पत्तों को पीसकर इससे शिवलिंग का निर्माण करें औऱ पूजा करें तो सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

आंकड़े

आंकड़े के फूल के अलावा आंकड़े के पत्ते भी शिव जी को बेहद प्रिय है। आप आंकड़े के पत्ते को साफ धोकर उसमें चंदन से सीताराम लिख कर इसे 7,9,11 और 21 के क्रम में पत्ते चढ़ाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Content Writer

Kirti