Tokyo Paralympics: भारत की अवनि लेखरा ने रचा इतिहास, निशानेबाजी में गोल्ड मेडल किया अपने नाम

punjabkesari.in Monday, Aug 30, 2021 - 12:03 PM (IST)

24 अगस्त से शुरू हुए टोक्यो पैरालंपिक खेलों में भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत की अवनि लेखरा ने तो इतिहास रच दिया है। अवनि ने महिलाओं की 10 मीटर एयर स्पर्धा एसएच-1 में गोल्ड मेडल हासिल किया है। टोक्यो पैरालंपिक में पहला स्वर्ण पदक भारत के नाम हुआ है। 

अवनि ने बनाया रिकाॅर्ड 

महिलाओं की 10 मीटर एयर स्पर्धा में अविन ने कुल 249.6 बनाकर नया रिकाॅर्ड कायम किया। अवनि ने 9 राउंड में 52.0, 51.3, 21.6, 20.8, 21.2, 20.9, 21.2, 20.1, 20.5 के साथ 249.6 का स्कोर बनाकर पैरालिंपिक खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं चीन की सी झांग ने 248.9 अंकों के साथ सिल्वर मेडल और यूक्रेन की इरीना स्खेतनिक ने 227.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। अवनि क्वालिफिकेशन राउंड में सातवां स्थान हासिल किया था। जिसके बाद फाइनल में पहुंचकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

टोक्यो पैरालिंपिक में भारत के हाथ तीसरा मेडल लगा है। इससे पहले हाई जंप में निषाद कुमार और टेबल टेनिस में भाविना पटेल ने सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा पैरा एथलीट विनोद कुमार ने डिस्क्स थ्रो के F52 कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं पुरुषों की एफ-56 डिस्कस थ्रो स्पर्था में भारत के योगेश कथुनिया ने रजत पदक अपने नाम किया। 

बता दें राजस्थान के जयपुर की रहने वाली अवनि का 11 साल की उम्र में एक्सीडेंट हुआ था। जिसमें उनके स्पाइनल कॉर्ड में इंजरी हुई थी। जिस वजह से वह पैरालाइज हो गईं थीं। हालांकि इसके बाद भी अवनि ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनत व लगन से भारत का नाम रोशन किया। 

Content Writer

Bhawna sharma