अर्जुन बिजलानी  ने अपने नाम की KKK 11 की ट्रॉफी,  दिव्यांका त्रिपाठी ने दी कड़ी  टक्कर

punjabkesari.in Monday, Sep 27, 2021 - 09:59 AM (IST)

अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। वह ऐक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी को पीछे छोड़ते हुए इस शो के विजेता बन गए हैं। जीत के बाद उन्होंने अपने पांच साल के बेटे अयान को शो की ट्रॉफी समर्पित की


अर्जुन ने टेलीविजन चैनल कलर्स पर प्रसारित हुए 'खतरों के खिलाड़ी' के 11वें सीजन में हिस्सा लिया था। अर्जुन साथी कलाकारों दिव्यंका त्रिपाठी, श्वेता तिवारी, विशाल आदित्य सिंह, गायक राहुल वैद्य और टीवी कलाकार वरुण सूद के अलावा शीर्ष छह फाइनलिस्ट में शामिल थे। हालांकि दिव्यांका त्रिपाठी अंत तक टिकी रहीं और खतरों के खिलाड़ी 11 की फर्स्ट रनरअप बन गईं।  


अर्जुन ने जीत के बाद कहा कि इसमें हिस्सा लेना आसान काम नहीं था। उन्होंने कहा कि  शो जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। केपटाउन में यह एक लंबा सफर था। जब रोहित सर ने विजेता के रूप में मेरे नाम की घोषणा की तो मैं बेहद खुश हुआ। मैं वास्तव में इसे अयान के लिए जीतना चाहता था। उसने मुझसे कहा था कि वह चाहता है कि मैं ट्रॉफी जीतूं। एक बच्चे के लिए यह एक बहुत बड़ी बात है। 


अर्जुन बिजलानी को विनर बनने पर ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये और एक कार मिली है। याद हो कि अर्जुन की वाइफ नेहा स्वामी ने पहले ही अपने पति को विनर कन्फर्म कर दिया था। नेहा स्वामी ने 'खतरों के खिलाड़ी 11' की ट्रॉफी की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिस पर अर्जुन  का नाम लिखा हुआ है। 

अर्जुन वह ‘नागिन’, ‘मेरी आशिकी तुम से ही’, ‘मिले जब हम तुम’ और ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ जैसे लोकप्रिय टेलीविजन शो में दिखाई दे चुके हैं।

Content Writer

vasudha