सीने में दर्द के बाद अन्नू कपूर अस्पताल में भर्ती,  पहले से बेहतर है Versatile actor की तबीयत

punjabkesari.in Friday, Jan 27, 2023 - 01:27 PM (IST)

बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर अन्नू कपूर से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। तबीयत खराब होने के चलते उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया। उन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई जिसके चलते अस्पताल ले जाना पड़ा। एक्टर की हेल्थ अपडेट के मुताबिक उनकी हालत अब स्थिर है और वह पहले से काफी बेहतर हैं।


अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि 66 वर्षीय अभिनेता को वीरवार तड़के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सर गंगाराम अस्पताल के अध्यक्ष (प्रबंधन बोर्ड) अजय स्वरूप ने कहा कि अभिनेता को सीने में तकलीफ के कारण भर्ती कराया गया है। अस्पताल ने एक स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि कपूर की हालत वर्तमान में स्थिर है और उसमें सुधार के लक्षण हैं।'' 


बुलेटिन में यह भी कहा कि कपूर को हृदय रोग विभाग में भर्ती किया गया है और वह डॉ. सुशांत वट्टल की देखरेख में हैं। वहीं मैनेजर सचिन ने बताया कि- ''अन्नू कपूर को चेस्ट कंजेशन हुआ था। इसी के कारण उन्हें सीने में दर्द की दिक्कत थी। फिलहाल उन्हें अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है। वह पहले से ठीक हैं और सभी से बात भी कर रहे हैं। 


फैंस अन्नू कपूर की सलामती की दुआएं कर रहे हैं। अन्नू कपूर के करियर की बात करें तो उन्होंने अपनी एक्टिंग की छाप हर जगह छोड़ी है। अन्नू कपूर ने अपने करियर में छोटे और बड़े रोल किए हैं। याद हो कि कुछ दिन पहले वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए थे।  उनके अकाउंट से करीब 4 लाख रुपये चोरी हो गए थे। 


 

Content Writer

vasudha