बर्फीले तूफान से भी नहीं डरी अनीता, -40 डिग्री तापमान में ऊंची चोटी पर लहराया तिरंगा

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2019 - 12:17 PM (IST)

भारत की बेटियां लगातार आए दिन नए इतिहास रच रही हैं। वहीं हरियाणा की पर्वतारोही अनिता कुंडू ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए नेपाल की 26,781 फीट ऊंची चोटी माउंट मनास्लू पर जीत हासिल की हैं। इस चोटी को फतेह करने के लिए विश्वभर से 196 पर्वतारोहियों का दल निकला था जिसमें भारत से अकेली अनिता ही शामिल थी। 

 

माइनस 40 डिग्री में की पर्वत की चढ़ाई 

अनिता ने कई तरह की चुनौतियों का सामना करते हुए 27 सितंबर सुबह 3 बज कर 20 मिनट पर इस पर्वत पर फतेह हासिल की थी। इस चोटी पर चढ़ते समय तापमान माइनस 40 डिग्री सेल्सियस था। जिसमें जाने पर आम इंसान की हड्डियां भी गल सकती हैं। इतना ही नही वहां पर ऑक्सीजन की भी काफी कमी है। इस ठंड में उन्हें न ही नींद आती है न ही भूख लगती है। बस वह बर्फ पर ही चलते रहते है। 

 

50 दिन की यात्रा 22 दिन में की पूरी 

अनिता का यह मिशन 50 दिन का था लेकिन उन्होंने इसे 22 दिन में पूरा किया है। उनके ग्रुप ने 3 सितंबर को चढ़ाई करनी शुरु की थी उसे बाद 17 सितंबर को वह बेस कैंप में पहुंच गए थे लेकिन वहां पर बर्फीले तूफान के कारण उन्हें अपने कैंप में वापिस लौटना पड़ा। उसके बाद 22 सिंतबर को उन्होंने दोबारा अपनी यात्रा शुरु की थी। यात्रा पूरी होने की खबर सेटेलाइट के माध्यम से उन्होंने अपने परिजनों को दी थी।

 

पिता करते है खेती का काम 

पिछले कई वर्षों से पर्वतारोहण का काम कर रही अनीता के पिता फरीदपुर गांव में किसान व मां राजपति हाउसवाइफ है।। वह खुद हरियाणा में सब इंस्पेक्टर के तौर पर काम कर रही है। बेटी की इस जीत पर पूरा ही परिवार बहुत खुश हैं।

 

2018 में शुरु किया था मिशन सेवन समिट

अनीता ने 2018 में अपने मिशन सेवन समिट की शुरुआत की थी। जिसमें वह सात महीद्वीपों की 7 ऊंची चोटियों को फतह करना चाहती हैं। जिसमें से अब तक वह इंडोनेशिया, अफ्रीका, यूरोप, अमेरिका व अंटार्कटिका पर फतह कर चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने 4 बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई की थी जिसमें से 3 बार उन्हें कामयाबी हासिल हुई थी। इतना ही नही वह पहली पर्वतारोही है जिसने नेपाल व चीन के रास्तों से माउंट एवरेस्ट पर फतेह हासिल की हैं। 

 

Content Writer

khushboo aggarwal