Abu Dhabi में होगा मुकेश अंबानी के लाडले अनंत का संगीत फंक्शन , जानिए क्यों है ये शहर खास

punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2024 - 02:13 PM (IST)

इन दिनों अबू धाबी का नाम सब की जुबान पर है। हो भी क्यों न? आखिरकार देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी का यहां पर संगीत फंक्शन होने वाला है। गुजरात के जामनगर में ग्रैंड प्री- वेडिंग सेलिब्रेशन के बाद अब अंबानी परिवार संग बॉलीवुड सेलेब्स इस रॉयल शहर की संगीत पार्टी में थिरकते दिखेंगे। आप सोच रहे होंगे कि आखिर अबू धाबी ही क्यों? यहां पर क्या ऐसा खास है? तो चलिए हम आपको बताते हैं आखिर क्यों लोग इस शहर की ओर आकर्षित होते हैं।

अबू धाबी है बेहद धनी शहर

संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी 67, 340 स्क्वायर किलोमीटर में फैली हुई है। इसमें लगभग 200 द्वीप हैं। आपको बता दें, दिसंबर 1971 में यूएई 6 अमीरातों का एक संघ बना था, जिसमें अबू धाबी, दुबई, शाहजाह, अजमान, उम्म अल- क्वैन फुजैराह और रास अल खैमा शामिल है। इसमें अबू धाबी को सात अमीरातों में से एक सबसे बड़ी और सबसे धनी अमीरात माना जाता है। 

थीम पार्क

इस खूबसूरत शहर में आपको कई सारे थीम पार्क मिल जाएंगे, जिसको देखने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। खूबसूरत टापू, फरारी वर्ल्ड और यस वाटरवर्ल्ड  जैसे थीम पार्क पर्यटकों को बहुत आकर्षित करते हैं। ये सभी पार्क अपने थीम के मुताबिक बने हुए हैं। जैसे फेरारी वर्ल्ड नाम का थीम पार्क दुनिया का सबसे बड़ा इनडोर थीम पार्क है जो 1.65 मिलियन स्क्वायर फुट में फैला है। यहां दुनिया का सबसे तेज रोलरकोस्टर फॉर्मूला रॉसा है, जो 4.9 सेकंड में 0 से 240 किमी/घंटा जाने में सक्षम है। इसके अलावा ये पूरा पार्क फेरारी थीम पर है, जो उसके इतिहास के बारे में बताता है।

सबसे बड़ा मस्जिद

यहां पर दुनिया का सबसे बड़ा मस्जिद शेख जायद ग्रैंड मस्जिद स्थित है। इसकी इमारत में 82 गुंबद और 1000 से ज्यादा स्तंभ है जो इसे बेहद खूबसूरत बनाता है। इसके अलावा यहां पर दुनिया का सबसे बड़ा कालीन बिछा हुआ है। 11 सालों में बनने के बाद साल 2007 में इस मस्जिद का उद्धाटन हुआ था।

हिंदू मंदिर

हाल ही में  गुलाबी राजस्थान बलुआ पत्थर और सफेद इतालवी संगमरमर से अरब अमीरात में मंदिर का निर्माण किया गया। 700 करोड़ की लागत में बना ये मंदिर हिंदूओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र है।

सबसे बड़ा रेगिस्तान

अबू धाबी में दुनिया का सबसे बड़ा निरंतर रेतीला रेगिस्तान भी है. इस रेगिस्तान का नाम रुब अल खली है, जिसे खाली क्वार्टर भी कहते हैं। बता दें कि लगभग 560,000 स्क्वायर किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ ये रेगिस्तान यूएई के अलावा सऊदी अरब, ओमान और यमन की सीमा में फैला हुआ है। इस रुब अल खली रेगिस्तान में 250 मीटर (820 फीट) तक ऊंचे बड़े रेत के टीले देखने को मिलते हैं। 

Content Editor

Charanjeet Kaur