Amrapali Dubey की इच्छा सुन परिवार रह गया हैरान, कहा- मैं मां बनना...
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 11:55 AM (IST)
नारी डेस्क : भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक खुलासा है। जियोहॉटस्टार के अपकमिंग रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के प्रोमो में आम्रपाली ने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी इच्छा साझा करते हुए कहा कि वह मां बनना चाहती हैं। उनकी यह बात सुनकर परिवार के सदस्य भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए।
रियलिटी शो में किया बड़ा खुलासा
हाल ही में रिलीज हुए 'भोजपुरी बवाल' के प्रोमो में आम्रपाली दुबे अपने परिवार के साथ बैठकर एक अहम फैसला साझा करती नजर आती हैं। वह कहती हैं कि वह अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा निर्णय लेने जा रही हैं और नहीं जानतीं कि परिवार और उनके फैंस इस पर कैसी प्रतिक्रिया देंगे। इसके बाद आम्रपाली भावुक होकर कहती हैं, "मैं मां बनना चाहती हूं।
परिवार का ऐसा था रिएक्शन
आम्रपाली की यह बात सुनते ही उनके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य चौंक जाते हैं। प्रोमो में उनकी बहन उनसे पूछती हैं, क्या तुम इस फैसले को लेकर पूरी तरह श्योर हो? इस पर आम्रपाली आत्मविश्वास के साथ जवाब देती हैं कि "हां, मैं पूरी तरह श्योर हूं। प्रोमो में एक दृश्य ऐसा भी है, जिसमें आम्रपाली दुबे मंदिर में भगवान के सामने भावुक नजर आती हैं। इसके बाद वह अपने परिवार के सामने अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करती हैं। इसी वजह से यह प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस शो को लेकर काफी उत्साहित हैं।
39 साल की उम्र में भी हैं सिंगल
आम्रपाली दुबे भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। 39 साल की उम्र में भी वह अविवाहित हैं और अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनकी निजी जिंदगी को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने खुद अपनी एक बड़ी ख्वाहिश दुनिया के सामने रखी है। जियोहॉटस्टार पर 2 अगस्त से शुरू होने वाले रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकार अपनी निजी जिंदगी, संघर्ष और अनसुने किस्से साझा करते नजर आएंगे। आम्रपाली दुबे का यह खुलासा भी इसी शो का हिस्सा है।

