सुशांत की मौत पर इमोशनल हुए बिग बी, कहा- सुशांत आखिर क्यों?

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2020 - 01:34 PM (IST)

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत कल दुनिया को अलविदा कह गए। सुशांत के सुसाइड करने पर सभी के मन में सिर्फ एक ही सवाल था कि आखिर क्यों? बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी सुशांत सिंह के लिए ब्लॉग लिखा और उन्होंने भी यही सवाल किया। 

ब्लॉग के शुरुआत में बिग बी ने लंबे-लंबे स्पेस देकर लिखा, क्यों..क्यों..क्यों? अमिताभ बच्चन ने लिखा,  "क्यों सुशांत सिंह राजपूत? आपने अपनी जिंदगी खत्म क्यों कर ली? आप शानदार अभिनेता थे। बिना कुछ कहे, बिना कुछ मांगे हमेशा के लिए सो गए।"

बिग बी ने की सुशांत की तारीफ

सुशांत की तारीफ करते हुए बिग बी ने लिखा, "वे कई बार जिंदगी के फलसफे में डूबकर खुद को पेश करते थे। लोग उनकी इस गहराई से या तो अचंभित हो जाया करते थे या फिर बेपरवाही से उसकी ताकत का अर्थ नहीं समझ पाते थे। कुछ आश्चर्य किया करते थे तो कुछ आई-गई बात समझकर टाल दिया करते थे। कुछ के लिए ये हल्की-फुल्की चुहलबाजी से ज्यादा और कुछ नहीं था।"

फिल्म 'एम.एस. धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी' में सुशांत ने बेहतरीन एक्टिंग से लोगों का दिल जीता।  अपने ब्लॉग में उन्होंने इस फिल्म का भी जिक्र किया।  वे लिखते हैं, "मैंने 'धोनी' में उनका पूरा काम देखा। फिल्म उनके यादगार परफॉर्मेंस को सहेजे हुए है।"

सुशांत और अपनी मुलाकात का किस्सा भी किया शेयर

अमिताभ बच्चन ने अपने और सुशांत की मुलाकात का एक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने कहा, "उनके साथ एक मुलाकात में मैंने पूछा था कि उन्होंने इंटरनेशनल टूर्नामेंट में धोनी के उस शॉट को कैसे मैनेज किया था, जो उन्होंने छक्का मारकर जीता था। उनका जवाब था कि इसके लिए उन्होंने धोनी का वीडियो 100 बार देखा था। यह उनके प्रोफेशनल एफर्ट की गंभीरता थी।"

आगे बिग बी ने लिखा, "उनकी विनम्र शुरुआत हुई थी। वे हमारे समय के टैलेंटेड कोरियोग्राफर श्यामक डावर के शोज में डांसर्स के ग्रुप में चौथी लाइन का हिस्सा हुआ करते थे। वहां से उठकर, आज वे जहां थे, वहां तक पहुंचना अपने आपमें एक कहानी है।"

बता दें कि सुशांत की मौत की खबर सुनकर बॉलीवुड इंडस्ट्री सदमे में है। सभी सोशल मीडिया के जरिए पोस्ट कर शोक जता रहे है। 
 

Content Writer

Priya dhir