आज भी बच्चों की है छुट्टी, इस दिन से खुलेंगे सभी स्कूल

punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 08:27 AM (IST)

नारी डेस्क:  उत्तर और पश्चिमी भारत में मानसून का कहर जारी है, ऐसे में छात्र और अभिभावक कई राज्यों में स्कूलों के फिर से खुलने के कार्यक्रम पर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं। खराब मौसम, बाढ़ और आगामी सार्वजनिक छुट्टियों ने कक्षाओं के फिर से शुरू होने को लेकर अनिश्चितता पैदा कर दी है। अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से अपने स्कूलों की आधिकारिक वेबसाइट देखें।


नौ सितंबर से सामान्य शुरू होंगे स्कूल

वहीं इसी बीच पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रविवार को कहा कि राज्य के सभी सरकारी, निजी एवं सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय नौ सितंबर से सामान्य रूप से खुलेंगे। यदि कोई स्कूल या कॉलेज बाढ़ से प्रभावित होता है, तो उसे बंद करने का निर्णय संबंधित जिले के उपायुक्त द्वारा लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि निजी स्कूलों के संचालकों के लिए यह सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा कि स्कूल भवन और कक्षाएं पूरी तरह सुरक्षित हों ताकि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।  
   

शिक्षक आज स्कूलों में होंगे उपस्थित 

मंत्री ने कहा-  राज्य के सभी सरकारी स्कूल आठ सितंबर को छात्रों के लिए बंद रहेंगे लेकिन शिक्षक स्कूलों में उपस्थित रहेंगे और स्कूल की सफाई एसएमसी, पंचायतों, नगर परिषदों और निगमों के सहयोग से की जाएगी। शिक्षकों द्वारा स्कूल भवनों का गहन निरीक्षण किया जाएगा। यदि कोई समस्या या दोष पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत जिले के उपायुक्त और इंजीनियरिंग विभाग को दी जाए।


पंजाब में बाढ़ से 48 लोगों की मौत

 पंजाब में भीषण बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 48 तक पहुंच गई है, जबकि 1.76 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित इलाकों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), पंजाब पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।  राज्य सरकार ने 219 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जिनमें 5,400 से अधिक लोगों को शरण दी गई है। मुख्य सचिव ने बताया कि अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पठानकोट जिले में तीन लोग अब भी लापता हैं।  पंजाब इस समय कई दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ आपदा का सामना कर रहा है। यह बाढ़ सतलुज, ब्यास और रावी नदियों में आए उफान और हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर में भारी वर्षा के कारण आई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static