Delivery के बाद अजवाइन का ज़्यादा सेवन बन सकता है मुसीबत, हो सकते हैं ये 4 खतरनाक नुकसान
punjabkesari.in Wednesday, Jun 25, 2025 - 01:15 PM (IST)

नारी डेस्क: बच्चे के जन्म के बाद हर मां को अपने शरीर की रिकवरी के लिए खास देखभाल की ज़रूरत होती है। इसीलिए पुराने समय से ही महिलाओं को कुछ घरेलू चीजें खाने को दी जाती हैं जैसे गोंद के लड्डू, हल्दी वाला दूध, मेथी, सौंठ, अजवाइन का पानी। इन सब चीज़ों का मकसद होता है मां के शरीर को अंदर से मजबूत बनाना और जल्दी ठीक करना। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये सभी चीजें हर किसी के शरीर को सूट नहीं करतीं?
क्या अजवाइन नुकसान भी पहुंचा सकती है?
जी हां, अजवाइन जितनी फायदेमंद मानी जाती है उतनी ही नुकसानदायक भी हो सकती है अगर इसे ज़रूरत से ज़्यादा खा लिया जाए। खासकर नई माओं के लिए यह बात बहुत अहम है। गाइनेकॉलजिस्ट डॉ. शैफाली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वे एक नई मां से बात करती हैं। डॉक्टर पूछती हैं, “क्या हुआ, पिया नहीं जा रहा क्या?” महिला जवाब देती है, “मैम, मुंह में छाले हो रहे हैं, और पूरे शरीर में जलन हो रही है।”
इस पर डॉक्टर कहती हैं, “हां, बिल्कुल होगी ही!” हर चीज में डाली जा रही है अजवाइन। डॉ. शैफाली बताती हैं कि आजकल तो हर चीज में अजवाइन डाली जा रही है पराठे में, पंजीरी में, ऊपर से अजवाइन का पानी अलग से। ऐसा लगने लगा है जैसे जापा (डिलीवरी के बाद का समय) अजवाइन के बिना अधूरा हो गया है। लेकिन यह सही नहीं है।
अजवाइन के फायदे क्या हैं?
एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण: यह शरीर की सूजन कम करती है।
यूट्रस में कॉन्ट्रैक्शन: इससे गर्भाशय (uterus) की सफाई अच्छे से होती है।
पाचन में मदद: गैस, कब्ज और अपच में राहत देती है।
सर्दी-खांसी में फायदेमंद: अजवाइन की गर्म तासीर जुकाम जैसी तकलीफ में असरदार होती है।
ये भी पढ़े: Menopause: महिलाओं के मेनोपॉज का समाधान है आयुर्वेद, जानिए विशेषज्ञ की राय
लेकिन इसके नुकसान भी हैं
डॉ. शैफाली साफ कहती हैं कि अजवाइन की तासीर बहुत गर्म होती है। और अगर इसे ज़रूरत से ज्यादा ले लिया जाए तो हो सकते हैं ये नुकसान मुंह में छाले, पेट में जलन और एसिडिटी, कब्ज या डायरिया जैसी समस्याएं। डॉ. शैफाली बताती हैं कि उन्होंने जब डिलीवरी के बाद ज़्यादा अजवाइन ली थी, तो उन्हें डायरिया हो गया था। इससे शरीर डिहाइड्रेट हो गया और फिर यूरिन में जलन शुरू हो गई थी।
इसलिए वे सभी नई माओं को सलाह देती हैं कि, “अजवाइन ज़रूर लें, लेकिन लिमिट में और अपने शरीर की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए।”
अजवाइन कब और कितनी लें?
डॉ. शैफाली वीडियो के अंत में कहती हैं कि खासकर गर्मी के मौसम में अजवाइन की ज्यादा मात्रा नहीं खानी चाहिए। शुरुआत में सिर्फ एक चुटकी अजवाइन रोज लें ऐसा सिर्फ 5 से 7 दिन तक करें जब लगे कि शरीर हजम कर पा रहा है, तब धीरे-धीरे पराठे में, पंजीरी में, पानी में मिलाकर इस्तेमाल कर सकते है।
नई माओं के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि वे कोई भी चीज़ खाने से पहले यह सोचें कि क्या उनका शरीर उसे स्वीकार कर पा रहा है या नहीं। अजवाइन फायदेमंद है, लेकिन संतुलन में। ज़रूरत से ज़्यादा किसी भी चीज़ का सेवन नुकसान कर सकता है। अगर कोई परेशानी महसूस हो रही है, जैसे जलन, छाले या डायरिया, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।