अफसाना खान ने सावन में किया शिवलिंग का रुद्राभिषेक, ट्रोलर्स ने मां-बाप तक को घसीटा
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 04:51 PM (IST)
नारी डेस्क : पंजाबी सिंगर और बिग बॉस फेम अफसाना खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई गाना या रियलिटी शो नहीं, बल्कि महादेव के प्रति उनकी आस्था है। सावन के मौके पर अफसाना खान ने अपने पति साज़ यानी साजन शर्मा के साथ शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। तस्वीरों में दोनों पूरी श्रद्धा के साथ पूजा करते नजर आए।अफसाना की यह पोस्ट सामने आते ही जहां कई फैंस ने उनकी भक्ति की तारीफ की, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें निशाने पर लेना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने कमेंट्स में अफसाना के माता-पिता और उनकी परवरिश तक को घसीट लिया।
पति के साथ महादेव की भक्ति में लीन दिखीं अफसाना
अफसाना खान ने हाल ही में पति साज़ के साथ भगवान शिव की पूजा की। दोनों ने शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया और इस दौरान अफसाना पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आईं। पूजा से जुड़ी तस्वीरें उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ सिंगर ने लिखा, “मेरी ताकत मेरा महादेव है।” उनकी इस पोस्ट पर फैंस और कई सेलेब्स ने प्यार जताया और कमेंट कर उनकी आस्था की सराहना की। अफसाना खान के लिए यह पहली बार नहीं है जब वह हिंदू धार्मिक स्थलों पर अपनी श्रद्धा जाहिर करती नजर आई हों। इससे पहले भी वह मंदिरों में दर्शन और पूजा करती दिखाई दे चुकी हैं।

सावन में शिवलिंग अभिषेक पर शुरू हुआ विवाद
अफसाना की पोस्ट सोशल मीडिया पर आते ही कमेंट सेक्शन में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां एक तरफ लोगों ने इसे आस्था और व्यक्तिगत पसंद से जोड़कर देखा, वहीं कुछ यूजर्स ने सिंगर को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उनकी पूजा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उनकी आस्था पर सवाल उठाए। एक यूजर ने उन्हें निशाने पर लेते हुए लिखा, “जहालत एकदम टॉप पर है। कहां से आते हैं ऐसे लोग।” वहीं कुछ अन्य कमेंट्स में तंज कसते हुए कपल को निशाना बनाया गया। हालांकि, बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी थे जिन्होंने अफसाना का समर्थन किया और कहा कि किसी की धार्मिक आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए।
ट्रोलर्स ने अफसाना के मां-बाप को भी नहीं बख्शा
विवादित कमेंट्स यहीं नहीं रुके। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सिंगर की परवरिश पर सवाल उठाते हुए उनके माता-पिता तक को निशाने पर ले लिया। कुछ टिप्पणियां इतनी निजी और आपत्तिजनक थीं कि उनमें अफसाना की मां और उनके जन्म तक को लेकर अभद्र बातें कही गईं। कुछ लोगों ने कपल को लेकर भी बेहद खराब टिप्पणियां कीं और यहां तक कि अफसाना को अपना नाम बदलने की सलाह दे डाली। सोशल मीडिया पर किसी की धार्मिक पसंद को लेकर इस तरह व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियां किए जाने की भी आलोचना हुई।

ये भी पढ़ें: 'ऐसा कुछ नहीं है कि अंडा खाने से प्रोटीन मिलता है', फिटनेस को लेकर रवि किशन की ये बातें हैं खास
मुस्लिम परिवार में जन्मी हैं अफसाना खान
अफसाना खान पंजाब के एक मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता शीरा खान भी लोकल पंजाबी सिंगर थे। संगीत से अफसाना का रिश्ता बचपन से ही रहा है और इसी माहौल में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। उनके भाई खुदा बख्श भी जाने-माने सिंगर हैं। अफसाना ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद हिंदी दर्शकों के बीच भी लोकप्रियता हासिल की।
'तितलियां' से मिली बड़ी पहचान, बिग बॉस ने बढ़ाई लोकप्रियता
अफसाना खान को देशभर में पहचान उनके लोकप्रिय गाने 'तितलियां' से मिली। इसके बाद वह सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस' में नजर आईं, जहां उनके व्यक्तित्व और बेबाक अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींचा। हाल के समय में आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' के गाने 'नाल नचणा' ने भी उन्हें खूब सुर्खियां दिलाई हैं। इस गाने के बाद एक बार फिर अफसाना का नाम बड़े स्तर पर चर्चा में आया।
उज्जैन महाकाल के दर्शन भी कर चुकी हैं सिंगर
अफसाना की महादेव के प्रति आस्था इससे पहले भी सामने आ चुकी है। इसी साल जुलाई में वह अपने पति साज़ के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंची थीं। वहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भी हिस्सा लिया था। ऐसे में सावन के दौरान उनका शिवलिंग का रुद्राभिषेक करना उनके लिए आस्था का ही हिस्सा माना जा रहा है। उन्होंने अपनी पोस्ट के जरिए भी यही जाहिर किया कि महादेव उनके लिए शक्ति और विश्वास का स्रोत हैं।

हिंदू-मुस्लिम रिश्ते को लेकर भी झेलना पड़ा था दबाव
अफसाना खान के पति साज़, जिनका नाम साजन शर्मा भी है, पंजाबी सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। दोनों अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि से आते हैं। अफसाना मुस्लिम हैं, जबकि साज़ हिंदू परिवार से ताल्लुक रखते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के रिश्ते को लेकर परिवार की तरफ से भी काफी दबाव का सामना करना पड़ा था। हालांकि, तमाम मुश्किलों के बावजूद दोनों ने एक-दूसरे का साथ चुना और शादी की।
यही वजह है कि अफसाना की महादेव के प्रति आस्था और मंदिरों में उनकी मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा कोई नई बात नहीं है। लेकिन इस बार रुद्राभिषेक की तस्वीरों के बाद उन्हें जिस तरह के निजी और पारिवारिक कमेंट्स का सामना करना पड़ा, उसने एक बार फिर सोशल मीडिया पर धार्मिक सहिष्णुता और व्यक्तिगत आस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।

