भारत पहुंचे अफगानियों का छलका दर्द, 8 दिन में सब कुछ बर्बाद हो गया, दुनिया हमारे लोगों को बचा ले

punjabkesari.in Monday, Aug 23, 2021 - 10:47 AM (IST)

अफगानिस्तान पर तालिबान द्वारा कब्जा करते ही वहां पर शरिया कानून लागू कर दिया गया है। तालिबानियों की हिंसा और अत्याचारों से बचने  के लिए वहां के स्थानीय लोग अपना देश छोड़ कर भाग रहे हैं। जिसे देखते हुए अब अफगानिस्तान ने विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, लेकिन मिलिट्री विमानों के जरिए अब भी लोगों को निकाला जा रहा है। इसी के तहत रविवार को भारतीय वायुसेना का एक विमान अपने 168 लोगों को भारत लेकर लौटा जिसमें से एक ऐसा बच्चा भी शामिल है, जिसे बिना पासपोर्ट के लाया गया। 

हिंडन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद बच्चे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।  जिसमें एक बच्ची उसे प्यार करते हुए नजर नजर आ रही है। इस दौरान बच्ची बेहद खुश नजर आई। 

हिंडन एयरबेस पर उतरे अफगानी नागरिक किरपाल सिंह ने बताया कि उनके साढ़े तीन महीने के बच्चे इकनूर का पासपोर्ट नहीं था। लेकिन भारत सरकार के अधिकारियों ने फिर भी रोक नहीं लगाई और हमारी मदद की। वीडियो में बच्ची द्वारा अपने भाई के प्यार करते देख लोग बेहद भावूक हो रहे हैं।  



पीड़ितों का दर्द, महज आठ दिन में हमारी हालत बदतर हो गई है
बता दें कि अब तक हज़ारों लाखों लोग तालिबानियों के डर से अपना अफगानिस्तान देश छोड़ चुके है आर अन्य देशों का सहारा ले रहे है। इस बीच रविवार को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पहुंचे लोगों ने अपनी दर्द भरी आपबीती सुनाई। लोगों का कहना है पीढ़ियों से रहने के बावजूद महज आठ दिन में उनकी हालत बदतर हो गई। देश में कई जगहों पर मारकाट व चीख पुकार के बीच लोग घर-बार छोड़कर जान बचाने के लिए सीधे काबुल एयरपोर्ट की तरफ भाग रहे हैं। 

बचपन से काबुल में रहा लेकिन अब सब कुछ बर्बाद हो गया
काबुल से लौटे एक अन्य भारतीय मनदीप सिंह ने कहा कि बचपन से काबुल में ही रह रहा था, लेकिन हफ्तेभर पहले काबुल में तालिबानी आ गए। जिसके कारण सब कुछ बर्बाद हो गया। हमें अपना घर-बार सब कुछ छोड़कर खाली हाथ भारत आना पड़ा है।

दुनिया हमारे लोगों को बचा ले यही दुआ है
इसी तरह एक अन्य पीड़ित ने कहा कि परिवार की जान बचाने के लिए पत्नी और मां के साथ भारत आए हैं। देश में तालिबान की स्थिति मजबूत होने के बाद वहां रहना मुश्किल हो गया है। देश के बारे में बहुत कुछ कहना चाहता हूं। स्थिति खराब हो गई है। दुनिया हमारे लोगों को बचा ले यही दुआ है।

Content Writer

Anu Malhotra