आज के दिन खो गया था सुशांत नाम का ''सितारा'', मरने से पहले एक्टर ने देखे थे कई सपने

punjabkesari.in Wednesday, Jun 14, 2023 - 10:07 AM (IST)

कुछ लोग दुनिया से तो चले जाते हैं, लेकिन अपनों के दिलों में वह हमेशा जिंदा रहते हैं। 3 साल पहले देश ने एक ऐसा सितारा खो दिया था, जिसने आसमान तक उड़ने के सपने तो बहुत देखे थे, लेकिन तकदीर ने उनका साथ नहीं दिया। हम बात कर रहे हैं सुशांत सिंह राजपूत  की, जिन्होंने आज के दिन दुनिया को अलविदा कह दिया था। 


34 साल के सुशांत सिंह राजपूत की मौत 14 जून 2020 को हुई थी, वे मुंबई के अपने फ़्लैट में मृत पाये गए थे। उनकी मौत की खबर ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था। यह विश्वाश करना मुश्किल था कि एक हंसता- खेलता चेहरा हमेशा के लिए खामोश हो गया है। उनकी मौत की जांच तो लंबी चली, लेकिन अब तक इस मामले की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। आज तक इस सवाल का जवाब नहीं मिल पाया है कि सुशांत ने आत्महत्या की थी या इसके पीछे किसी और का हाथ था। 


बता दें कि 'पीके', 'छिछोरे', 'एमएस धोनी' में अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों के दिलों में राज करने वाले सुशांत ने अपनी एक अलग दुनिया बना रखी थी। तभी तो उन्होंने चांद पर प्लॉट भी खरीदा था। हालांकि सुशांत के बहुत से सपने ऐसे थे जो हमेशा- हमेशा के लिए अधूरे रह गए। मरने से कुछ समय पहले ही सुशांत ने अपने सपनों की लिस्ट फैंस के साथ शेयर की थी।  इस लिस्ट में एक्टर ने हर बड़ी छोटी उस चीज का जिक्र किया था जो वह हासिल करना चाहते थे। 

लेम्बोर्गिनी के मालिक होने से लेकर डबल-स्लिट प्रयोग करने तक 1,000 पेड़ लगाने से लेकर मोर्स कोड सीखने तक – एक्टर की लिस्ट में अलग अलग चीजों का जिक्र था। 'हवाई जहाज उड़ाना सीखें, आयरनमैन ट्रायथलॉन के लिए ट्रेन,  -बाएं हाथ से क्रिकेट मैच खेलें, बच्चों को अंतरिक्ष के बारे में जानने में मदद करें, चैंपियन के साथ टेनिस खेलें , एक सप्ताह के लिए चंद्रमा, मंगल, बृहस्पति और शनि के चार्ट प्रक्षेपवक्र -ब्लू-होल में गोता लगाएं'  ये सब थे सुशांत के सपने जिसे पूरा करने से पहले ही वह दुनिया को अलविदा कह गए। 


इतना ही नहीं सुशांत कैलाश पर्वत पर मेडिटेशन करना और एक विजेता के साथ पोकर खेलना चाहते थे।  चैम्पियन के साथ शतरंज खेलने की इच्छा भी वह रखते थे, लेकिन इनमें से वह कुछ भी पूरा नहीं कर पाए। सुशांत हमेशा कुछ नया करने की इच्छा रखा करते थे और ऐसी चीजों पर हाथ आजमाने के लिए एक्ससाइटेड रहते थे। इस बात का सबूत था जब उन्होंने प्लेन में अपनी पहली उड़ान भरी थी। सुशांत ने अपनी ड्रीम लिस्ट में हमेशा कुछ नया करने की चाह रखी थी। 
 

Content Writer

vasudha