सड़क पर करतब दिखाने को मजबूर हुई बुजुर्ग महिला, रितेश देशमुख ने की मदद

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2020 - 01:16 PM (IST)

कोरोना वायरस के कारण लगे लाॅकडाउन के चलते कई लोग बेरोजगार हो गए हैं। ऐसी स्थति में वह अपना पेट पालने के लिए किसी भी तरह का काम करने को तैयार हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग महिला का वीडयो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपना पेट भरने के लिए सड़कों पर करतब दिखाती नजर आ रही है। 

पेट पालने के लिए दिखा रही करतब

पैसों के लिए लाठी के जरिये करतब करके दिखा रही हैं। उन्होंने कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए चेहरे पर मास्क भी लगाया हुआ है। हतिंदर सिंह नाम के एक शख्स ने बुजुर्ग महिला की वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया है। साथ ही उस शख्स ने लिखा, '75 वर्षीय यह माताजी पुणे से हैं, वह अपनी जीवन रक्षा के लिए पुणे की सड़कों पर अपनी लाठी कौशल दिखा रही है। इस लॉकडाउन और महामारी के दौरान भी वह ऐसा करने के लिए मजबूर है। क्योंकि वह इस कला के अलावा उनके पास कोई अन्य स्रोत नहीं है।' इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि अगर किसी को उनके बारे में पता है तो जरूर बताएं।

 

लोग मदद के लिए आए आगे

हतिंदर सिंह के इस ट्वीट के बाद लोग महिला के आस-पास दिख रही दुकानों के बोर्ड से उसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोगों ने तो ये भी कह दिया कि बच्चों को इस बुजुर्ग महिला से ट्रेनिंग लेनी चाहिए। इसके अलावा कुछ ने तो महिला का नंबर भी शेयर किया है। उनकी मेहनत और लगन की हर कोई तारीफ कर रहा है। सोशल मीडिया पर कोई उन्हें मां तो कोई  वॉरियर आजी मां कहकर बुला रहा है। 

रितेश देशमुख ने भी बढ़ाया मदद का हाथ

सिर्फ आम लोग ही नहीं बाॅलीवुड एक्टर रितेश देशमुख भी उनके फैन हो गए हैं। रितेश बुजुर्ग महिला की मदद के लिए भी आगे आए हैं। उन्होंने महिला की वीडियो शेयर कर उनके बारे में जानकारी मांगी है। जानकारी मिलने के बाद रितेश ने एक अन्य ट्वीट कर बताया कि उनकी टीम ने आजी मां से संपर्क कर लिया है। 

 

भई, हर किसी को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। जो इस उम्र में भी अपने टैलेंट के दम पर अपना पेट पालने के लिए मेहनत कर रही हैं। जिसे देखकर हर कोई उन पर गर्व कर रहा है।

Content Writer

Bhawna sharma