साड़ी में लंबी और पतली दिखने के लिए अपनाएं ये 5 स्टाइलिंग टिप्स
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 01:56 PM (IST)
नारी डेस्क : साड़ी ऐसा परिधान है जो हर महिला की खूबसूरती में चार-चांद लगाने का काम करता है। यह कभी फैशन से बाहर नहीं होती और हर उम्र व हर बॉडी टाइप की महिलाओं पर जचती है। अगर आपका कद थोड़ा छोटा है या वजन ज्यादा है, तो भी आप साड़ी पहनकर खुद को लंबा और पतला दिखा सकती हैं। इसके लिए शेपवियर पहनना जरूरी नहीं, बल्कि सही स्टाइलिंग काफी है। बस आपको साड़ी के चुनाव से लेकर उसे पहनने के तरीके तक कुछ खास बातों का ध्यान रखना होगा। साड़ी में पतला और लंबा दिखने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स।
साड़ी का सही फैब्रिक चुनें
अगर आप साड़ी में स्लिम और टॉल लुक चाहती हैं, तो सबसे पहले साड़ी के फैब्रिक पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। भारी, स्टिफ और मोटे फैब्रिक की साड़ियां शरीर को भरा-भरा और चौड़ा दिखाती हैं। इसके बजाय शिफॉन, जॉर्जेट, क्रेप और लाइट साटन जैसी हल्की साड़ियां चुनें, क्योंकि ये फैब्रिक बॉडी को अच्छे से फॉलो करते हैं और नेचुरल फॉल के साथ स्लिम लुक देते हैं। खासकर अगर आपका वजन ज्यादा है, तो भारी सिल्क या मोटी कॉटन साड़ी पहनने से बचें, क्योंकि ये लुक को और हैवी दिखा सकती हैं।

सही पेटीकोट है बहुत जरूरी
साड़ी के साथ पेटीकोट का रोल बेहद अहम होता है, क्योंकि गलत फिटिंग का पेटीकोट पूरे लुक को बिगाड़ सकता है। हमेशा हाई-राइज और सही फिटिंग वाला पेटीकोट चुनें, ताकि साड़ी शरीर पर अच्छे से सेट हो सके। बहुत ज्यादा ढीला या बहुत टाइट पेटीकोट पहनने से लुक हैवी और अनकम्फर्टेबल दिखता है। हल्का और स्मूद फैब्रिक वाला पेटीकोट साड़ी को बेहतर ड्रेप करने में मदद करता है और आपको स्लिम व एलिगेंट लुक देता है।

प्रिंट और रंग पर दें खास ध्यान
अगर आप साड़ी में पतली और लंबी दिखना चाहती हैं, तो साड़ी के प्रिंट और रंग का सही चुनाव बहुत जरूरी है। बड़े और भारी प्रिंट्स वाली साड़ियां शरीर को चौड़ा दिखा सकती हैं, इसलिए इनसे बचें। इसके बजाय छोटे फ्लोरल, ज्योमेट्रिक या वर्टिकल पैटर्न वाली साड़ियां पहनें, जो लंबा और स्लिम लुक देने में मदद करती हैं। साथ ही काला, नेवी ब्लू, मरून, डार्क ग्रीन और वाइन जैसे डार्क कलर्स फिगर को स्लिम दिखाते हैं और आपकी पर्सनालिटी में एलिगेंस भी जोड़ते हैं।

साड़ी ड्रेप करने का सही तरीका
साड़ी को कैसे ड्रेप किया गया है, यह आपके पूरे लुक को पूरी तरह बदल सकता है। साड़ी को बहुत नीचे और ढीला पहनने से शरीर भरा हुआ दिखता है, इसलिए इससे बचें। साड़ी को कमर पर सही जगह बांधें और प्लीट्स को अच्छे से सेट करें, ताकि लुक साफ और स्लीक नजर आए। पल्लू को थोड़ा ढीला छोड़ना बेहतर होता है, क्योंकि इससे पेट और कमर का हिस्सा कवर हो जाता है। सही ड्रेपिंग न सिर्फ साड़ी को ग्रेसफुल बनाती है, बल्कि पेट की चर्बी भी कम दिखाई देती है।

ब्लाउज का डिजाइन भी है अहम
साड़ी में स्लिम और टॉल लुक पाने के लिए सिर्फ साड़ी ही नहीं, बल्कि ब्लाउज का डिजाइन भी बड़ी भूमिका निभाता है। बहुत ज्यादा टाइट या बहुत ढीले ब्लाउज पहनने से लुक खराब हो सकता है, इसलिए सही फिटिंग का ब्लाउज चुनना जरूरी है। V-नेक, U-नेक या डीप नेक डिजाइन गर्दन को लंबा दिखाते हैं, जिससे पूरी बॉडी का लुक टॉल नजर आता है। ऐसे ब्लाउज डिजाइन चुनें जो चर्बी को छुपाने में मदद करें और आपकी बॉडी को बैलेंस्ड व एलिगेंट दिखाएं।

अगर आप सही फैब्रिक, सही पेटीकोट, सही प्रिंट और सही ड्रेपिंग का ध्यान रखें, तो साड़ी में शेपवियर के बिना भी आप लंबी और पतली दिख सकती हैं। साड़ी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि स्टाइल और कॉन्फिडेंस का मेल है। थोड़ी-सी समझदारी से की गई स्टाइलिंग आपके पूरे लुक को ट्रांसफॉर्म कर सकती है।

